इस साल से जिले के 24 गांवों के लोगों को नल-जल योजना से घर बैठे पानी की सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। इसके लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने सभी गांवों में ट्यूबवेल का खनन करवा दिया है। अब इन ट्यूबवेल से टंकी तक व उसके बाद टंकी से घरों तक पाइप लाइन बिछाने का काम होगा। इसके लिए वर्कऑर्डर हो चुके हैं। पाइप लाइन का काम 6 माह में पूरा हो जाएगा। इसके बाद घरों तक पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी।
50 गांवों के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण नल-जल योजना सालभर पहले स्वीकृत हो हुई थी लेकिन अब तक सिर्फ ट्यूबवेल खनन ही हुए। इसमें से 24 के लोगों को इस साल योजना का लाभ मिलने लगेगा। बाकी 26 गांव अगले सत्र के बजट में शामिल होंगे।
गर्मी बढ़ने के साथ कई गांवों में लोगों को तीन से चार किमी दूर से पानी लाना पड़ रहा है। यह समस्या दूर करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने मुख्यमंत्री ग्रामीण नल-जल योजना के तहत स्वीकृत 50 गांवों में से 24 में ट्यूबवेल खनन करवाए। इनसे अच्छा पानी निकल रहा है। अब अगले 6 माह में पाइप लाइन बिछाने का काम होगा। इसके साथ ही लोगों को नल के माध्यम से घर में पानी मिलने लगेगा।
राहत
सभी गांवों में ट्यूबवेल खनन के बाद पाइप लाइन बिछाने के हुए वर्कऑर्डर, 6 माह में पूरा होगा काम, पानी की किल्लत होगी दूर
लोगों को तीन से चार किमी दूर से लाना पड़ रहा है पानी
योजना के तहत रतलाम ब्लॉक में 9, आलोट में 7, बाजना में 8, जावरा में 9, पिपलौदा में 9, सैलाना में 8 गांवों में नल लगना हैं। सारा काम शासन स्तर पर होगा, जनभागीदारी से राशि नहीं ली जाएगी। हर गांव में योजना के लिए 70 लाख से 1 करोड़ रुपए तक स्वीकृत हैं। पाइप लाइन बिछाने व गांव की जनसंख्या के मान से पानी की टंकी का निर्माण होगा। 2 हजार की आबादी वाले गांव में एक लाख लीटर क्षमता वाली टंकी का निर्माण होना है। पीएचई के इरफान अली ने बताया जावरा ब्लॉक के चार गांव अर्जला, उणी, मांडवी व भीमाखेड़ी में ट्यूबवेल खनन हो चुके है। इनमें मोटर पंप डालकर पानी सप्लाई शुरू कर दी है।
अर्जला गांव में ट्यूबवेल से लोगों को पानी सप्लाई की जा रही है।
इन गांवों में हुए नलकूप खनन
रूपनगर, रीछाचांदा, मुंडलाराम, ढोढर, सरसोदा, माता मेलकी, रिंगनोद, बोरवानी, राजाखेड़ी, उकेड़िया, रेवास, गड़गड़िया, डोडियाना, पीरहिंगोरिया, हीरूखेड़ी, छायन, नागपिपल्या, लखमाखेड़ी, कुमारी देवास, बंडवा, बडावदी, खेरोदा, वीरपुरा, बडोदिया, नाथुखेड़ी, पिपल्यासीर सहित 29 गांव।
खराब पाइप लाइन सुधारने का काम लगातार जारी है
कई गांवों में पानी की पाइप लाइन खराब हो गई है। कई जगह मोटर खराब है। इस कारण लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा। इससे विभाग द्वारा मोटर सुधारने व पाइप लाइन बदलने का काम किया जा रहा है।