जावरा | ग्राम पंचायत परवलिया के गांव दाहखेड़ा में जलसंकट से लोग परेशान थे। पानी के लिए भरी दाेपहरी में दूर खेतों पर स्थित कुएं, बावड़ियों की दौड़ लगाना पड़ रही थी लेकिन रविवार से समस्या हल हो गई। सरपंच प्रतिनिधि प्रकाश सोलंकी ने बताया गांव के जलस्रोत दम तोड़ चुके थे। कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था, तभी मालूम हुआ कि गांव के पटेल उदयसिंह गुर्जर के निजी ट्यूबवेल में पर्याप्त पानी है। हमने उदयसिंह गुर्जर से संपर्क किया और उनसे जनहित में ट्यूबवेल का पानी देने की मांग की। इस पर पटेल उदयसिंह गुर्जर ने निजी ट्यूबवेल ग्रीष्मकाल के लिए पंचायत के हैंडओवर कर दिया। इसके बाद सरपंच प्रतिनिधि सोलंकी ने नई मोटर डाली और गांव में सप्लाई शुरू की। इससे जलसंकट दूर हो गया और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।