सीसी रोड खोदी, पाइपलाइन क्षतिग्रस्त
आलोट | एमपीआरडीसी ने 200 करोड़ की लागत से आगर से जावरा रोड बनाई थी, जिसे निजी केबल कंपनी के ठेकेदार ने केबल बिछाने के लिए बीच रोड से खोद दी, ऐसे में रोड क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं पेयजल सप्लाय के लिए बिछाई गई पाइपलाइन भी टूट-फूट गई है। लोगों की शिकायत पर पार्षद अनिल भरावा, प्रेमचंद्र गुप्ता ने एसडीएम लक्ष्मी गामड़ और नगर परिषद सीएमओ कुलदीप किंशुक को अवगत कराया। संबंधित ठेकेदार से हर्जाना वसूलने की बात कही है। नगर परिषद सीएमओ कुलदीप किंशुक ने बताया निजी कंपनी ने रोड खोदने की अनुमति दी थी, लेकिन उन्होंने रोड बीच से खोद दी। काम रूकवा दिया है, ठेकेदार पर कार्रवाई करेंगे।