मुखिया ने की अफीम के दाम बढ़ाने की मांग
सैलाना | हर वस्तुओं के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही हो परंतु अफीम के दाम लगातार तीन वर्षों से स्थिर हैं जबकि अफीम उत्पादन की लागत दो गुनी बढ़ गई है। इसलिए अफीम के दाम बढ़ाए जाएं। सैलाना के अफीम उत्पादकों के मुखिया जगदीश कुमावत ने बताया कि नारकोटिक्स विभाग में क्षेत्र के सारे अफीम उत्पादकों का अफीम जावरा में तुलवाया है। सैलाना से 13 व पूरे जावरा खंड से 2 हजार अफीम उत्पादकों ने निर्धारित मापदंडों के अनुसार नारकोटिक्स विभाग को अफीम तौली। सैलाना क्षेत्र के अफीम उत्पादकों का औसत बरकरार रहा। गाढ़ता का पैमाना 65 से 70 डिग्री रहा जो 1875 रुपए किलो के दाम से खरीदी गई। उन्होंने अफीम के दामों में बढ़ोतरी की मांग की है।