जावरा | मोबाइल फोन पर बतियाकर एटीएम के पिन नंबर लेने अथवा ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) पूछने के बाद कई शातिर लोग धोखाधड़ी करके आपके बैंक खातों से राशि निकाल लेते हैं। आए दिन ऐसे केस सामने आते हैं। इसलिए अलर्ट रहें। कोई भी बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी को भी फोन पर ना बताएं। इनामी योजना के नाम पर नकद राशि जमा करवाने का लालच देने वाली फर्जी कंपनियां से भी सावधान रहें। यह बात एसपी अमित सिंह ने बुधवार रात तिलक नगर बगीचे में आयोजित पुलिस-जनसंवाद कार्यक्रम में कही। जलसंकट से उपजने वाले विवादों के मद्देनजर एसपी ने पानी के दुरुपयोग पर रोक लगाने की अपील भी की। जनसंवाद में लोगों ने चोरी, लूट जैसी वारदातों पर नियंत्रण की बात कही। हुसैन टेकरी व अन्य स्थानों पर बाहर से आकर ठहरे लोगों की नियमित चैकिंग की बात कही। सीएसपी आशुतोष बागरी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। सिटी थाना प्रभारी एस.सी. शर्मा ने भी संबोधित किया। इधर ग्राम झालवा में आईए थाना प्रभारी डी.के. जोशी ने जनसंवाद कार्यक्रम संबोधित किया।