बेटियों पर बहुत हुआ अत्याचार अब दोषियों को कड़ी सजा दो
बेटियों, महिलाओं पर अत्याचार बहुत हुआ। अब इसे नहीं सहेंगे। ऐसे दरिंदों को कड़ी सजा दो। कठोर कानून लेकर आओ। महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा दो। इन्हीं नारों के साथ शनिवार रात 8 बजे नगर में विभिन्न सामाजिक संगठन के युवाओं ने मिलकर कैंडल मार्च निकाला।
शनिवार रात 8 बजे कोर्ट चौराहे से युवा कैंडल और तख्तियां हाथ में लेकर चले। विभिन्न मार्गों से होकर घंटाघर चौराहे पर पहुंचे। वहां कैंडल जलाकर कठुआ में गैंगरेप के बाद की गई मासूम की हत्या मामले में लोगों ने आक्रोश जताया और मृतका को श्रद्धांजलि दी। शुभम पोरवाल, इमरान मेव और अली खान ने बताया जम्मू-कश्मीर के कठुआ में 8 साल की बच्ची के साथ गैंगरेप और फिर उसकी हत्या करने के मामले से देशभर में रोष है। इस रेप व हत्याकांड के सभी आरोपियों को सख्त सजा मिले। उन्नाव रेप केस के दोषियों को भी कठोर सजा दी जाए। ऐसे घटना क्रम को रोकने के लिए सरकार को कठोर कदम उठाने जाए। ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इसी मांग के साथ यह कैंडल मार्च निकाला गया है।