- Hindi News
- National
- नपा के पास हैंडओवर हुई 21 सड़कों के लिए फंड नहीं, डामर तो दूर पेचवर्क भी नहीं हो रहा
नपा के पास हैंडओवर हुई 21 सड़कों के लिए फंड नहीं, डामर तो दूर पेचवर्क भी नहीं हो रहा
हाल ही में लोकनिर्माण विभाग की सड़कें नगरपालिका को हैंडओवर हो चुकी हैं जो करीब 21 किमी है। अब इन सड़कों के मेंटेनेंस और पेचवर्क संबंधी काम की जिम्मेदारी नगरपालिका की है, लेकिन नपा के पास फंड नहीं होने के कारण इन सड़कों पर डामर तो दूर पेचवर्क भी नहीं हो रहा है। कुछ सड़कों से गिट्टी उखड़ गई है तो कुछ जगह गड्ढे बन गए हैं। ऐसे में रहवासियों की समस्या जस के तस बनी हुई है। हाल ही में नगरपालिका ने अपने बजट में नपा की सड़कों के लिए एक करोड़ का बजट स्वीकृत किया है, लेकिन शेष सड़कों के लिए कोई प्रावधान नहीं किए हैं।
नगर सीमा में लगी 21 किमी की मंशापूरण मंदिर रोड, लक्ष्मीबाई रोड, स्टेशन रोड, बजाजखाना, कोठी बाजार, पीपली बाजार, सोमवारिया समेत अन्य सड़कें पहले लोनिवि के क्षेत्राधिकार की थीं और वही उसका मेंटेनेंस करवाती थी। अब नपा और लोनिवि की मिलाकर कुल 60.66 किमी सड़कों की जिम्मेदारी नगरपालिका पर आ गई है। हालांकि नगरपालिका ने अपने वित्तीय बजट में सड़कों के मेंटेनेंस के लिए एक करोड़ की राशि का प्रावधान किया है, जो सभी सड़कों के मान से काफी कम है। नगरपालिका के पास वर्तमान में आय स्त्रोत की कमी के कारण सभी सड़कों का एक साथ मेंटेनेंस नहीं हो सकता है। सभी सड़कों के मेंटेनेंस के लिए 2.5 करोड़ से अधिक राशि का खर्च आएगा। अतिरिक्त राशि के लिए नगरपालिका शासन को पत्र लिख चुकी है।
मंशापूरण मंदिर रोड की सड़क के बीच में बने गड्ढे, पेचवर्क तक नहीं।
जर्जर सड़कों पर पेचवर्क करवा देंगे
नगरपालिका सीएमओ एपीएस गहरवार ने बताया सभी सड़कें नगरपालिका की है। नपा के आय स्त्रोत सीमित हैं तो एक साथ सभी सड़कों का मेंटेनेंस नहीं हो सकता। रोड मेंटेनेंस में 2.5 करोड़ का खर्च नपा को वहन करना होगा। नपा के बजट में एक करोड़ की राशि सड़कों के लिए है, जिससे इस वित्तीय वर्ष में काम होगा। कुछ सड़कों का डामरीकरण शुरू भी हो गया है। जो सड़कें ज्यादा जर्जर हो गई हैं शीघ्र उनकी मरम्मत करवा देंगे।
मंशापूरण रोड पर पड़े गड्ढे व गिट्टी उखड़ गई
रहवासी दिलीप जोशी ने बताया मंशापूरण रोड सबसे व्यस्ततम मार्ग है। इसी मार्ग पर न्यायाधीश निवास, स्कूल, मंदिर, कॉलोनियां आदि बने हैं। स्कूली बच्चों के साथ रहवासियों को अधिक परेशानी होती है। हालही में रोड की साइडों में सीसी हुआ, इसके चलते भारी वाहनों के दबाव से डामर रोड की गिट्टी उखड़ गई, गड्ढे हो गए। अभी पेचवर्क नहीं किया तो बारिश के समय गड्ढों में पानी भर जाएगा और आवागमन में ज्यादा दिक्कतें आएंगी।