22 अप्रैल को लगेगी नेशनल लोक अदालत
जावरा | नेशनल लोक अदालत जो 14 अप्रैल को लगना थी, वो अब 22 अप्रैल को लगेगी। हर दो माह में दूसरे शनिवार को लोक अदालत तय रहती है। इस बार शनिवार को डॉ.भीमराव आंबेडकर जयंती होने के कारण तारीख आगे बढ़ा दी गई है। लोक अदालत में समझौते के आधार पर न्यायालय में लंबित और प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण होगा।
पिछली बार न्यायालय की आठ खंडपीठों में लोक अदालत के प्रकरणों का निपटारा हुआ था। इस बार दो खंडपीठ रिक्त होने से 6 खंडपीठों में लोक अदालत लगेगी। न्यायाधीश महेंद्र मांगोदिया, सोनाली शर्मा की कोर्ट में रखे जाने वाले प्रकरण अन्य खंडपीठ में रखे जाएंगे। इसमें आपराधिक के 186, सिविल के 46, मोटर दुर्घटना के 90, विद्युत अधिनियम के 175, चेक बाउंस के 66, पारिवारिक प्रकरण के 15 प्रकरण रहेंगे। इसके अलावा प्रीलिटिगेशन में बिजली कंपनी के 509 प्रकरण अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव के. पाल की कोर्ट में निराकरण के लिए रखे जाएंगे।
पिछली लोक अदालत में लंबित 660 में से 103 प्रकरण ही निपटे थे - 10 फरवरी को लगी नेशनल लोक अदालत में कोर्ट में लंबित 660, प्रीलिटिगेशन के 1572 प्रकरण रखे गए थे। इनमें से 296 प्रकरणों का ही निपटारा हुआ। 45 पारिवारिक प्रकरणों में से केवल 8 प्रकरण का निराकरण हुआ।