नगर के ऊंटखाना क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही 5 वर्षीय बालिका को वहां से गुजरा एक शराबी बहला-फुसलाकर उठा ले गया। थोड़ी देर बाद पुलिस की मदद से लोगों ने बदमाश को पकड़ लिया और बालिका को छुड़ाया। सिटी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अपहरण का केस दर्ज किया है।
सिटी थाना प्रभारी एस.सी. शर्मा ने बताया ऊंटखाना निवासी रोश मोहम्मद की 5 वर्षीय बेटी शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे घर के बाहर खेल रही थी। आधे घंटे बाद पिता घर से बाहर निकले तो बेटी नजर नहीं आई। इसके बाद पिता ने मोहल्ले में बैठी महिलाओं व अन्य लोगों से पूछताछ की। किसी ने बताया कि एक व्यक्ति एक बालिका को कोई चीज दिलाने का लालच देकर गोद में उठाकर मेवातीपुरा तरफ गया है। इसके बाद पिता ने सिटी थाने के आरक्षक ओमप्रकाश जाट व विष्णु चंद्रावत को फोन लगाया। दोनों फरियादी के घर पहुंचे। वहां से पिता रोश मोहम्मद, रहवासी फिरोज खान को साथ लेकर मेवातीपुरा तरफ बालिका को तलाशने के लिए निकले। दोपहर करीब सवा 12 बजे मेवातीपुरा क्षेत्र में एक व्यक्ति बालिका को उठाकर ले जाते हुए दिखाई दिया। वह भागने लगा लेकिन पुलिस व रहवासियों ने मिलकर उसे पकड़ लिया। उसके कब्जे से बालिका को छुड़ाकर पिता के सुपुर्द किया। पकड़े आरोपी से पूछताछ की तो उसने अपना नाम कालू पिता नाकुड़ा खराड़ी (40) निवासी पंथवारी थाना सरवन तहसील सैलाना बताया। थाना प्रभारी शर्मा ने कहा कि आरोपी कालू नशे में था और समय रहते यदि बालिका को नहीं छुड़ाते तो अनहोनी की आशंका थी। शुक्र है लोगों की मदद से पुलिस ने बालिका को छुड़ा लिया। आरोपी कालू खराड़ी के खिलाफ धारा 363 का प्रकरण दर्ज किया है। उसे रविवार को कोर्ट में पेश करेंगे। सीएसपी आशुतोष बागरी ने बताया बदमाश को पकड़वाने में मदद करने वाले पिता रोश मोहम्मद के साथ रहवासी फिरोज निवासी मदारीपुरा का एसपी सम्मान करेंगे।
गिरफ्तार आरोपी कालू खराड़ी।