आरोपी बाएं से भूरा, सलमान, अन्नू, आसिफ तथा अहमद।
भास्कर संवाददाता | जावरा
पुलिस ने हथियार सप्लायर 2 आरोपियों सहित 5 युवकों को गिरफ्तार कर 6 पिस्टल और 12 बोर का एक देसी कट्टा बरामद किया है। दो आरोपी फरार हैं। लूट के आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। सप्लायर सिंघाना के सिकलीगर से 5 हजार में हथियार लाकर 15 हजार रुपए में बेच रहे थे। सप्लायर ने पूर्व नपाध्यक्ष यूसुफ कड़पा को धमकी देकर फिरौती वसूलने की कोशिश भी की थी।
एसपी अमित सिंह ने बताया पिस्टल दिखाकर लूट के प्रयास की घटना के बाद हथियारों के तस्करों की धरपकड़ की जिम्मेदारी एएसपी डॉ. राजेश सहाय को सौंपी थी। सीएसपी आशुतोष बागरी (आईपीएस) तथा जावरा शहर थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा ने गुरुवार को अजमेरी गेट से बाइक सवार दो युवक ताल निवासी सलमान लोहार पिता मोहम्मद नजीर (27) तथा अनवर उर्फ अन्नू पिता अकरम मंसूरी (23) को गिरफ्तार कर दोनों से एक-एक पिस्टल व एक-एक कारतूस जब्त किया। सलमान ने बताया वह सिंघाना जिला धार के भाटिया सिकलीगर से 5 से 10 हजार में हथियार लाकर 10 से 15 हजार में बेच देता है। उसने ताल निवासी अमजद पिता अहमद खान, आशिक पिता अशफाक खान तथा आकाश उर्फ नारू पिता शंकरलाल माली, टीपू पिता रऊफ खान व वाजिद पिता साजिद को हथियार बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने अमजद से एक पिस्टल व एक 12 बोर का कट्टा, आशिक से एक पिस्टल तथा आकाश से एक रिवाल्वर जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। टीपू व वाजिद फरार हैं। सलमान ने दोनों को एक-एक पिस्टल बेचने की जानकारी दी है।
प्रतापगढ़ से जुड़े हैं तार
एसपी ने बताया सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश में हथियार सप्लाई करने की सूचना मिली थी। सप्लायरों से पूछताछ में प्रतापगढ़ के पठान गिरोह से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। आरोपी सलमान व अन्नू ने कबूल किया है कि क्षेत्र में दहशत फैलाकर व्यापारियों से अवैध वसूली की कोशिश में हथियार बांटे हैं।