आइए चुनें शहर की सरकार
कार्यकर्ताओं से अपील करते रांची सांसद रामटहल चौधरी।
भाजपा कार्यकर्ताओं के बल पर नप चुनाव में खड़े पार्टी प्रत्याशी चुनाव अवश्य जीतेंगे। ये बातें रांची सांसद रामटहल चौधरी ने पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार प्रसार करते हुए व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के क्रम में कही। उन्होंने कहा कि पार्टी से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी मनोरमा एक्का व उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी ओम प्रकाश सिंह संघर्षशील व जुझारू व्यक्ति हैं। दोनों के मार्गदर्शन में नप में विकास कार्य को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब कार्यकर्ताओं को प्रत्याशियों की जीत के लिए तन मन से कार्य करना होगा। चुनाव का समय निकट आ गया है। सभी अपने अपने कार्यों को जिम्मेवारी पूर्वक निभाएं।
जनता के बीच रहकर किया जाएगा कार्य : रउफ अंसारी
लोगों से वोट अपील करते कांग्रेस से उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी रऊफ ।
कांग्रेस से उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी रउफ अंसारी ने नप क्षेत्र के विभिन्न मुहल्लों में जाकर लोगों से मिल अपने पक्ष में वोट की अपील की। उन्होंने जनसंपर्क अभियान चलाते हुए घर घर लोगों को अपना पंपलेट भी बांटा। उन्होंने कहा कि उनकी जीत जनता की जीत होगी। क्योंकि यदि वे नप में आते हैं तो विकास का कार्य धरातल पर किया जाएगा। कहा वे हमेशा जनता के बीच रहकर कार्य करेंगे। कहा यदि उन्हें लोगों का साथ मिला तो वादे नहीं सिर्फ कार्य दिखेंगे। कहा अब जनता यह जानती है कि उनका एक फैसला उन्हें समस्याओं से छुटकारा देगा या उससे जोड़ेगा। सभी के साथ मिलजुल कर विकास का कार्य करना ही मेरा चुनाव लड़ना उद्देश्य है।
जीत का अंतिम पासा फेंकने को तैयार प्रत्याशी, युद्धस्तर पर चल रहा अभियान
लोहरदगा | लोहरदगा नगर क्षेत्र में 16 अप्रैल होने वाले चुनाव की तिथि नजदीक आते ही प्रत्याशी अब जीत का अंतिम पास फेंकने को तैयार दिख रहे हैं। सभी निकटतम समय में युद्ध स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाते नजर आ रहे हैं। कोई प्रत्याशी मुस्कुराहट के साथ जनता के बीच दिख रहा तो किसी के मुस्कुराहट के पीछे घबराहट भी दिख रही है। 14 अप्रैल की शाम तक प्रचार चलने के बाद सभी शोर थम जाएंगे। इसके बाद प्रत्याशियों का अब बूथ मैनेजमेंट पर नजर रहेगी।
बाइक रैली निकाल निष्पक्ष होकर वोट करने की अपील
समर्थकों के साथ बाइक जुलूस निकालते रितेश।
उपाध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी रितेश कुमार ने नप क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में मोटरसाइकिल रैली निकालकर डोर टू डोर अभियान चलाया। वे बक्सी डीपा, बीआईडी, मिलन चौक, अपर बाजार, अमला टोली, सुभाष चौक, पतरा टोली तक गए। रैली के बीच लोगों से वोट की अपील की। उन्होंने कहा कि अब भी लोग यदि वोट को पैसे और दारू में बिकने देंगे तो उन्हें डूबने से कोई नहीं बचा सकता। इसलिए अब जरूरत है कि उन्हें शिक्षा की ओर ध्यान देते हुए सही मायने में विकास के लिए निष्पक्ष व निर्भीकता के साथ अपना सही निर्णय दिखाना होगा। कहा उन्हें यदि सभी का साथ मिला तो लोगों को रोजगार देने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
विकास करने का ले चुका हूं संकल्प : बलराम कुमार
वोट की अपील करते आजसू से उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी बलराम कुमार।
आजसू से उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी बलराम कुमार ने जनसंपर्क अभियान को जारी रखते हुए विभिन्न मुहल्लों का दौरा किया। उन्होंने अपने पक्ष में वोट देने की अपील करते हुए कहा कि विकास का रास्ता तय करने का संकल्प लें चुका हूं। बस इसके पूरा करने में लोगों का साथ चाहिए। कहा लोगों की समस्याओं से जुड़ी किसी भी बातों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। कहा अब लोग आधुनिक दौर में जी रहे हैं। ऐसे में नप का भी आधुनिकीकरण होना चाहिए। लोगों को तमाम सुविधाएं दिलाने का कार्य किया जाएगा। होल्डिंग टैक्स, ऐतिहासिक तालाबों की जर्जर स्थिति व शहर की अन्य समस्याओं को जड़ से समाप्त करने की ओर पहल की जाएगी।
महिलाओं को स्वराेजगार दे मजबूत बनाऊंगी : अनुपमा
वोट की अपील करती कांग्रेस से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी अनुपमा।
कांग्रेस से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी अनुपमा भगत ने नप क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न मुहल्लों में घर घर जाकर लोगों से अपने पक्ष में वोट देने की अपील की। उन्होंने लोगों से कहा घोषणा नहीं परिणाम दूंगी। नप में जनता के अनुरूप जनता के हित में ही कार्य होगा। इसके लिए सबसे पहले बुनियादी समस्याओं को दूर करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। नप को एक रोल मॉडल के रूप में बनाया जाएगा। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का कार्य किया जाएगा। गरीबों को राशन कार्ड, वृद्धा, विधवा पेंशन दिलाने का कार्य किया जाएगा।
निर्दलीय प्रत्याशी विमलकांत ने चलाया जनसंपर्क अभियान
वोट अपील करते उपाध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी विमलकांत सिंह।
उपाध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी विमलकांत सिंह ने विभिन्न गली मोहल्ले में घर घर जाकर जनसंपर्क अभियान चलाया। इस क्रम में उन्होंने बीआईडी से मोटरसाइकिल रैली निकाली। उन्होंने लोगों से अपने पक्ष में वोट की अपील की। कहा कि यदि जनता का साथ मिला तो चहुंमुखी विकास का कार्य शुरू किया जाएगा। जनता की एक एक समस्याओं को दूर करने के लिए उनके कार्यों को अपना कार्य समझकर कार्य किया जाएगा। जनसामान्य की समस्याओं के निदान के प्रति हमेशा तत्पर रहूंगा। कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता शहर के अधूरे कार्यों को पूरा कराना है। नप में एक पारदर्शी शासन को लागू करना है।
एक वर्ष के भीतर बाईपास पर होगा परिचालन शुरू : सुशीला
वोट की अपील करती आजसू से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी सुशीला।
नप चुनाव में आजसू की अध्यक्ष पद की प्रत्याशी सुशीला कुजूर ने क्षेत्र के विभिन्न वार्ड व मुहल्लों में जनसंपर्क अभियान चलाया। शहरी क्षेत्र के बंगला, आजाद बस्ती, कुरैशी मुहल्ला, राहत नगर, इस्लाम नगर, कुंबा टोली सहित विभिन्न गली मुहल्लों का दौरा कर उन्होंने अपने पक्ष में वोट करने की अपील की। मौके पर सुशीला ने कहा कि यदि चुनाव जीती तो एक वर्ष के भीतर बाईपास सड़क पर परिचालन शुरू कराऊंगी। यह सिर्फ घोषणा नहीं बल्कि मेरा संकल्प है। कहा आए दिन शहर में जाम व दुर्घटनाओं जैसी समस्या बाईपास सड़क के नहीं होने से घट रही है।
ममता एक्का ने विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जनसंपर्क अभियान
अध्यक्ष पद की निर्दलीय प्रत्याशी ममता एक्का ने समर्थकों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में चुनावी दौरा किया। इस क्रम में महिलाओं व पुरुषों से अपने पक्ष में वोट की अपील की। कहा कि उनके पति पूर्व नप अध्यक्ष पावन एक्का के द्वारा किए गए विकास के कार्यों व उनके द्वारा शुरू किए गए रुके विकास कार्यों को गति देने की दिशा में कार्य किया जाएगा। विकास के कार्य में बाधक बिंदुओं को हटाते हुए विकास का पहिया आगे बढ़ाया जाएगा। कहा महिला शक्ति के बिना विकास संभव नहीं है। कहा उन्हें लोगों का साथ मिला तो जनता को अपने फैसले पर कभी गिल्टी महसूस नहीं होने दिया जाएगा। कहा वादा नहीं करूंगी विकास दूंगी। महिलाओं को सहयोग देकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का कार्य किया जाएगा। साथ ही बेरोजगारों को रोजगार दिलाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।