जंगली हाथी ने दो घरों को किया ध्वस्त
अल्बर्ट एक्का प्रखंड जारी की गोविंदपुर पंचायत के रुद्रपुर गांव में मंगलवार की रात 1:30 बजे जंगली हाथी ने दो घरों को ध्वस्त कर दिया। डूमरपानी जंगल की ओर से आए हाथी ने गांव में अंजेला लकड़ा और सुसान लकड़ा के घर को ध्वस्त किया। रात में सुसाना लकड़ा के घर में अकेली सो रही उसकी बेटी शीला लकड़ा ने बेड के नीचे छुप कर किसी तरह जान बचाई।
इसके बाद हाथी बगल के अंजेला लकड़ा के घर के छप्पर को क्षतिग्रस्त कर दिया। अंजेला और शीला ने ग्रामीणों को गांव में हाथी आने की जानकारी दी। इसके बाद लोगों ने टॉर्च जलाकर हाथी को भगाया। यहां से दाढ़ी भद्रा की ओर चला गया और इंद्र सिंह, भीम सिंह, बीरेंद्र तिग्गा, देवनारायण सिंह की गेहूं की फसलों को खाकर और रौंद कर बर्बाद कर दिया। ग्रामीण महावीर नगेसिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग महुआ चुनने के कारण जंगलों में आग लगा रहे हैं। जिस कारण हाथी गांव घुस रहे हैं। ग्रामीण मनीर एक्का, सुबोध लकड़ा व हेमंत लकड़ा ने कहा कि गांव में पिछले 15 दिनों से बिजली नहीं है। इससे सर्च लाइट भी बंद है। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली रहने पर गांव में हाथी नहीं घुसता है। शीला लकड़ा ने बताया कि 1996 में हाथी ने कुचल कर उसके पिता अगुस्टिन लकड़ा को मार डाला था।