सोशल मीडिया बना प्रत्याशियों के प्रचार का बड़ा माध्यम
नगर निकाय चुनाव में प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया के जरिए चुनाव प्रचार की शुरुआत की थी। सोशल मीडिया फ्रेंडली कई प्रत्याशी चुनाव के लिए नामांकन पर्चा भरने से पहले ही अपना प्रचार शुरू कर चुके थे। रविवार को दिनभर घर-घर पहुंचकर आखिरी रूप से वोट की अपील करने के बाद कई प्रत्याशी सोशल मीडिया में काफी सक्रिय रहे और लोगों तक अपना विजन पहुंचाते हुए वोट की अपील करते रहे। उपाध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी ओमप्रकाश अग्रवाल के लिए बनाया गया व्हाट्सएप ग्रुप भी रविवार काे खूब सक्रिय रहा और मेंबर अपने कमेंट डालते रहे। ओमप्रकाश तथा उनके समर्थक फेसबुक पर भी खूब सक्रिय रहे। उपाध्यक्ष की कांग्रेस प्रत्याशी कात्यायनी प्रसाद ने फेसबुक के अलावा व्हाट्सएप पर जुड़े सभी लोगों को खास रूप से तैयार संदेश पोस्ट किया और लोगों से अपने मित्रों, सगे संबंधियों, जान पहचान वालों तथा व्यापार से जुड़े लोगों से अपने पक्ष में वोटिंग के लिए निवेदन किया। उपाध्यक्ष के लिए भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश साहू ने फेसबुक पर अपना एक वीडियो जारी कर लोगों से मतदान की अपील की। कई लोगों ने अपने रोड शो की तस्वीरें पोस्ट करके प्रचार किया। कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अनूप केशरी ने कई वीडियो और तस्वीरें पोस्ट करके लोगों से वोट की अपील की। भाजपा प्रत्याशियों के लिए संजय शर्मा बल्लू, वार्ड पार्षद प्रत्याशी अशाेक जैन के लिए उनके सीए पुत्र नितेश जैन, पार्षद प्रत्याशी मनोज अग्रवाल के लिए उनके अनुज पिंकुल अग्रवाल, आजसू प्रत्याशी के लिए पार्टी जिलाध्यक्ष तिलका रमण सोशल मीडिया में प्रचार करते हुए सक्रिय रहे।