टैबलेट से परियोजना अधिकारी व स्मार्टफोन से कार्यकर्ता होंगे अपडेट
जशपुरनगर | महिला व बाल विकास विभाग आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन से लैस करने की तैयारी कर रहा है। इससे जिले के सभी आंगनबाड़ी परियोजना व जिला मुख्यालय से सीधे जुड़ जाएंगे। आंगनबाड़ी केन्द्रों की गतिविधियों पर नजर रखने परियोजना अधिकारियों को भी टैबलेट दिया जाना है। इससे आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन समय पर हो रहा है या नहीं, इस पर नियंत्रण होगा। विभाग ने शासन को केद्रों व परियोजनाओं की सूची भेज दी है। जुलाई से इसकी शुरुआत हो जाएगी। महिला व बाल विकास विभाग से संचालित योजनाओं को मजबूती देने शासन ने सूचना संचार से जोड़ने का निर्णय लिया है। इससे पहले शिक्षा विभाग में टैबलेट दिया जा रहा है। अब आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित योजनाओं की दशा सुधारने हर केंद्रों की कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन दिया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में महिलाओं से ऑनलाइन रिपोर्टिंग टैबलेट से लिया जाना संभव नहीं। स्मार्टफोन से कार्यकर्ताओं से वस्तुस्थिति का फीडबैक लेंगे। केंद्र से प्राप्त जानकारी को परियाेजना अधिकारी टैबलेट में अपडेट करेंगे।