भाई ने ही की थी बहन की हत्या
मर्डर को आत्महत्या दिखाने के लिए लाश में लगा दी थी आग।
भास्कर न्यूज | जशपुरनगर
कुछ दिनों पहले संदिग्ध परिस्थितियों में युवती का शव जली हुई अवस्था में मिला था, जिसे आत्महत्या का रूप देने वाला उसका सगा भाई ही निकला। एक अप्रैल को सुबह सन्ना थाना अंतर्गत ढेकीड़ीपा(नन्हेसर) में बस्ती से दूर एक युवती की मचान के नीचे जला हुआ शव मिला था, जिसे देखकर आत्महत्या लगता था । इसकी शिकायत सन्ना थाना में उसके भाई शंकर भगत ने स्वयं की थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो पता चला कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि गला घोंटकर हत्या की है। रिपोर्ट के पता चलते ही सन्ना पुलिस जांच में जुट गई और सबसे पहले युवती के घर वालों से ही पूछताछ शुरू की। सभी के बातों में अंतर मिलने पर पुलिस ने वती के बड़े भाई शंकर भगत पिता सुखदेव भगत को सख्ती से पूछताछ शुरू की तो उसने बताया कि बहन लखपति बाई 16 वर्ष जब मोबाइल के लिए जिद करना शुरू कर किया तो उसने उसकी पिटाई कर दी। रात को सभी सरहुल मनाने चले गए तो उसने बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। किसी को न पता चले इसके लिए उसे गांव से दूर एक मचान के नीचे शव को ओढ़नी से लटकाकर जलाने का प्रयास किया। फिर घर आकर सो गया और सुबह गांव वालों के बताने पर मैं आश्चर्य होने का नाटक किया और सन्ना थाना में आत्महत्या का रिपोर्ट दर्ज करवाई।