बच्चों से मिलने पिता के साथ स्कूल आई महिला, ससुरालवालों ने सड़क पर पीटा
भास्कर न्यूज | जशपुर/पत्थलगांव
जशपुर के पत्थलगांव में चार लोगों ने मिलकर महिला समेत उसके पिता की पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान उन्हें गालियां भी दी गई। महिला का कसूर बस इतना था कि वो अपने बच्चो से मिलने उसके स्कूल जा रही थी। पुलिस से शिकायत में महिला ने बताया कि वह ग्राम बोखी सकरसिया की रहने वाली है। उसका मायका पीठाआमा है।
2007 में उसकी शादी बोखी के खिरोद यादव के साथ हुई थी। उनसे 2 बच्चे 1 लड़का और 1 लड़की है। 2013 में पति के गुजर जाने के बाद वह पिछले साल अपने ससुराल से वापस मायके आ गई, तब से दोनों बच्चे उसके दादा-दादी के संरक्षण में मामा ससुर हुरदानंद यादव महुआ टिकरा के पास रखकर पत्थलगांव शिशु मंदिर में पढ़ा रहे हैं।
तीसरी में पढ़ने वाले दोनों बच्चों की परीक्षा खत्म होने पर वह अपनी मां पिताजी एवं दीदी टोभा यादव के साथ बच्चों को देखने शिशु मंदिर पत्थलगांव आई थी। वहां बच्चों को लेने मामा ससुर हुरदा का बेटा केशव आया था। बच्चों से मिलने की प्रार्थना की तो उसने साफ इनकार कर दिया और फोन करके अपने घर वालों को इसकी जानकारी दे दी। ससुराल से हुरदानंद,नीरज और हीरा हुंदरू दो बाइक पर आए और सरस्वती शिशु मंदिर से पहले सड़क पर उतरकर गाली देते हुए पिताजी और उससे मारपीट करने लगे। शिकायत पर पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी हुरदानन्द यादव, हीरा यादव, नीरज यादव, केशव यादव के खिलाफ धारा 294, 323, 34 में मामला दर्ज कर लिया है वही महिला को सरेराह प्रताड़ित करने के मामले में पुलिस जांच कर रही है ।