सेना के विभिन्न पदों के लिए राजनांदगांव स्थित छत्तीसगढ़ पुलिस के 8 वीं बटालियन ग्राउंड में भर्ती रैली हुई थी। संयुक्त सामान्य प्रवेश परीक्षा 29 मई को जेआरदानी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कराई गई थी। इस प्रवेश परीक्षा में प्रदेश के एक हजार 433 आवेदक शामिल हुए थे, जिसमें से 362 उम्मीदवार सफल हुए हैं। इसमें जशपुर के 11 युवा शामिल हैं, वहीं रायगढ़ में हुई वायुसेना भर्ती में जिले से शामिल 123 अभ्यर्थियों में से एक को भी सफलता नहीं मिली।
भर्ती चिकित्सा अधिकारी मेजर सचिन शर्मा ने बताया है कि प्रदेश के 22 जिलों के 362 उम्मीदवार सफल हुए हैं। संयुक्त सामान्य प्रवेश परीक्षा में जांजगीर-चांपा जिले के 62, बिलासपुर व दुर्ग जिले के 40-40, धमतरी व बालोद जिले के 35-35, राजनांदगांव जिले के 30, कोंडागांव जिले के 18, कांकेर जिले के 14, कोरबा जिले के 13, जशपुर जिले के 11, रायपुर व मुंगेली जिले के 10-10, रायगढ़ जिले के 9, बलौदाबाजार जिले के 7, कबीरधाम जिले के 4, बेमेतरा, सरगुजा, नारायणपुर व बलरामपुर जिले के 3-3, सूरजपुर जिले के 2 तथा महासमुंद व बीजापुर जिले के 1-1 उम्मीदवार सफल हुए है। सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन जून में होगा।
शारीरिक क्षमता अच्छी पर इंग्लिश कमजोर है- विंग कमांडर मो. इमरान खान ने बताया प्रदेश के युवा में वायु सेना के लिए काफी संभावनाएं है, उनकी शारीरिक क्षमताएं काफी अच्छी है। चूंकि छत्तीसगढ़ के युवा हिंदी का अधिक उपयोग करते हैं, ऐसे में जरूरत है तो अंग्रेजी में और अच्छा करने की। अधिकांश युवा अंग्रेजी बोलने और लिखने का प्रयास करे तो आने वाले समय में ऐसी रैलियों में काफी सफलताएं मिलेंगी।
भर्ती परीक्षा
रायगढ़ में अभ्यर्थियों ने दिखाई शारीरिक फिटनेस मगर अंग्रेजी बन गई सफलता में बाधा
जशपुर सहित 11 जिलों के युवा भर्ती परीक्षा में पूरी तरह असफल
रायगढ़ में भारतीय वायु सेना में सुरक्षा (गरुण) पद के लिए भर्ती रैली 16 से 20 तक हुई। दो चरणों में हुई भर्ती रैली में कुल 27 जिलों के युवा शामिल हुए। इसमें 11 जिलों के 454 युवा इस रैली से पूरी तरह से बाहर हो गए। रैली में जशपुर जिला के 123, सरगुजा के 100, मुंगेली के 60, बेमेतरा के 52, सूरजपुर के 46, कोंडागांव के 32, गरियाबंद 31, नारायणपुर के 6, दंतेवाड़ा और सुकमा के 2-2 युवा भर्ती में शामिल तो हुए लेकिन लिखित परीक्षा में अंग्रेजी के कारण अधिकांश युवा असफल रहे और इस इस रैली से पूरी तरह बाहर हो गए।