नगर पंचायत द्वारा बायपास मार्ग फूटामढ़ के पास 10 हेक्टयेर में नया बस स्टैंड का निर्माण कराया जा रहा है। यात्रियों को सुरक्षा और व्यवस्था के अलावा पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए डीपीआर बनकर तैयार हो चुका है।
बायपास मार्ग पर नया बस स्टैंड पर दुकानों के निर्माण के अलावा पुलिस सुरक्षा कक्ष और स्वच्छता रखने के लिए अलग से सफाई कर्मचारियों की रहने की भी व्यवस्था होगी। नगर पंचायत अध्यक्ष कमला नवीन साहू ने बताया कि फूटामढ़ बायपास मार्ग पर दस हैक्टेयर में साढे़ तीन करोड़ की लागत से जिला स्तरीय बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। जिसमें यात्रियों को नगर एवं आसपास के ग्रामों में जाने के लिए उक्त बस स्टैंड का निर्माण ध्यान में रखकर किया गया है। इस संबंध में जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरु की जाएगी। खास बात यह है कि चारों तरफ से बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जाएगा। यात्रियों को पूछताछ के लिए अलग से व्यवस्था रहेगी। यात्रियों को सुरक्षा को ध्यान में रखकर पुलिस कक्ष का निर्माण होगा। श्रीमती साहू ने बताया कि सुलभ कॉप्लेक्स का निर्माण नई तकनीक के आधार पर किया जाएगा, जिससे आने वालों यात्रियों को स्वच्छ वातावरण का अहसास हो सके। साथ ही पर्यावरण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। पेय जल व्यवस्था के लिए बोर के माध्यम से यात्रियों के लिए 24 घंटे पीने का पानी उपलब्ध रहेगा। नगर पंचायत अध्यक्ष का कहना है कि जतारा का विकास नवीन बस स्टैंड बनने में ही निहित है। जतारा को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए, सर्व सुविधा युक्त बस स्टैंड का निर्माण होगा।