एक लाख लोगों को मिलेगा पीने का पानी
भास्कर संवाददाता | बानमोर/जौरा
पेयजल उपलब्धता के लिए बानमोर से लेकर पोरसा, सबलगढ़ व जौरा क्षेत्र में नए स्त्रोत तैयार कर वहां पानी भंडारण के प्रबंध का काम परवान पर है। ऐसा माना जा रहा है कि एक लाख लोगों को पीने के पानी की किल्लत से निजात मिल सकेगी।
बानमोर में 16 करोड़ रुपए की लागत से पिलुआ डैम के पानी को नगर के 15 वार्डों में पहुंचाए जाने का काम पूरा हो चुका है। डैम के पानी को फिल्टर किए जाने के लिए कस्बा के बाहर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया है। फिल्टर पानी को शहर की 30 हजार आबादी को नलों के माध्यम से परोसा जाने लगा है।
जौरा के 32 गांव में पानी देने की तैयारी: पगारा वाटर प्रोजेक्ट के माध्यम से जल निगम जौरा क्षेत्र के 32 गांवों में पीने का पानी पहुंचाने की तैयारी कर चुका है। पेयजल योजना के लिए पगारा डैम से पानी लिया जाएगा। इसकी स्वीकृति जल संसाधन विभाग ने दे दी है। जिंदल ग्रुप, पगारा डैम से पानी लेने के लिए 14.8 एमएलडी क्षमता का इंटेकवेल बनाकर तैयार कर दिया है।
23 टंकियों में स्टोर होगा पानी: नरहेला वाटर प्रोजेक्ट के तहत जौरा क्षेत्र में पानी की 23 टंकियां बनाई जाना हैं। जिनमें से 23 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष सात टंकियों के निर्माण कार्य पूरा किया जा रहा है।
22 गांव में बिछायी पाइप लाइन
जौरा जनपद क्षेत्र के 22गांवों में पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। कुल 32 गांव में पाइप लाइन बिछाकर वहां के वाशिंदों को पीने का पानी मुहैया कराना है।
मिलेगी सुविधा
पेयजल की उपलब्धता के लिए अंबाह,जौरा व सबलगढ़ क्षेत्र में चल रहा तेजी से काम
पोरसा में पानी पर 10 करोड़ रु खर्च
पोरसा कस्बा में पेयजल उपलब्धता के लिए 10 करोड़ रुपए की लागत से चार ओवरहैड टैंक का निर्माण कराया गया है। हर घर तक पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। लोगों को नल कनेक्शन दिए जाने की प्रक्रिया तेज की गई है।
सबलगढ़ में पानी के लिए नए बोर
सबलगढ़ कस्बा के 18 वार्डों की जनता को पीने का पानी मुहैया कराने के लिए वहां 8.53 लाख रुपए की लागत से 12 नए नलकूप खुदवाए गए हैं। पानी को स्टोर करने दो ओवरहैड टैंक व दो संपवेल बनाए गए हैं। अभी तक 25 हजार मीटर पाइप लाइन कस्बा में बिछायी जा चुकी है। सात हजार मीटर पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है।