दिन में 44 पर तापमान, शाम को चली धूल भरी हवाएं, जौरा में बारिश
भीषण गर्मी के कारण लोगों का बुरा हाल है। शनिवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री पर पहुंच गया तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा। दिनभर की तपिश के बाद शाम के समय चली धूलभरी हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। लेकिन जौरा में दोपहर के समय मौसम में बदलाव हुआ और 40 मिनिट तक हुई बारिश के बाद हवाएं चलती रहीं जिससे मौसम सुहाना हो गया। बीते पांच दिनों से तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच झूल रहा है। सुबह से ही सूर्यदेव तीखे तेवरों के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। शनिवार को भीषण गर्मी व लू के कारण शहर की सड़कें सूनी नजर आईं। शाम के समय तापमान में गिरावट आई लेकिन धूलभरी हवाएं चलने लगीं जिससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई। उधर जौरा में दोपहर 2.30 बजे आसमान पर बादल छाए और बारिश होने लगी। तकरीबन 40 मिनिट तक बारिश हुई। इस बारिश से लोगों ने काफी राहत महसूस की। बारिश के बाद हवाएं चलती रहीं जिससे मौसम सुहाना रहा।