अतिक्रमण से मार्ग हो रहा संकरा, आवागमन में दिक्कत
तहसील क्षेत्र के गावों में बनी सड़कों के साईड में लोगों ने अतिक्रमण कर मार्गों को काफी संकरा कर दिया है। इस कारण आमजन को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उसके बाद भी जिम्मेदार इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस कारण आए दिन दुर्घटना होती रहती है।
जावर से कुरावर तक करीब 13 किमी तक बनी सड़क के बीच पड़ने वाले गांवों में लोगों ने रोड के साईड तक कब्जा कर रखा है। कुछ जगह पक्के मकान बना लिए गए हैं। कुछ जगह पर कांटे की बागड़ लगाकर मार्ग को संकरा कर दिया है। कई गांवों में लोग रोड किनारे मवेशी बांध देते हैं। इसी तरह भवन निर्माण सामग्री से भी अतिक्रमण कर रखा है। इस कारण वाहन चालकों को वाहन निकालने में काफी परेशानी आती है। कई बार तो आमने सामने वाहन आ जाते हैं तो वह निकल नहीं पाते हैं। इस संबंध में ग्रामीण सवाई सिंह ने बताया कि जावर से कुरावर तक बनी सड़क में इतने मोड़ हैं कि वाहन चालकों को वाहन चलाने में काफी परेशानी आती है। विजेंद्र सिंह का कहना है कि रोड में अंधे मोड़ होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं।