जावर| नप में कार्यरत सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले आठ दिनों से नगर पंचायत कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हैं। सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते नगर की साफ सफाई नहीं होने से जगह जगह कचरे के ढेर लगे हैं। इस कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके बाद भी अभी तक सफाई कामगारों की समस्या का समाधान नहीं किया गया है। हालांकि 14 मई को एसडीएम आरआर पांडे ने धरना दे रहे सफाई कर्मचारियों से आकर मिले थे। साथ ही उनकी समस्या का निराकरण करने का आश्वासन भी दिया था। इसके बाद भी न तो हड़ताल खत्म करवाई गई, ओर न नगर में जगह जगह फैली गंदगी को हटाने की वैकल्पिक व्यवस्था की गई। सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दिनेश वैद्य ने बताया कि हमारी विभिन्न मांगों का समाधान करने के लिए समय पर जिम्मेदारों को लिखित में आवेदन के साथ धरना आंदोलन भी किया गया था, लेकिन आज तक हमारी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। झूठे आश्वासन जरूर मिलते रहे हैं। हम पांच सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। शुक्रवार को धरने पर कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष रूपेश चिंतामणि, राकेश वैद्य, विनोद वैद्य, अशोक वेद्य, सुनिल वैद्य आदि मौजूद रहे।