पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पैतृक जमीन में चाचा को हक दिलाने भतीजे ने पेश किया वाद, दो घंटे में फैसला, 27 वारिसों को फायदा

पैतृक जमीन में चाचा को हक दिलाने भतीजे ने पेश किया वाद, दो घंटे में फैसला, 27 वारिसों को फायदा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पैतृक जमीन पर हक पाने के लिए आज खूनी संघर्ष के किस्से आम हैं। लेकिन जायल तहसील के दुगोली गांव में लगे न्याय आपके द्वार शिविर में एक व्यक्ति ने अपने दादा की जमीन में चाचा को हक दिलाने के लिए वाद पेश किया। एसडीएम ने दो घंटे में फैसला किया और चाचा के परिवार के 27 वारिसों को आपसी राजीनामे से पैतृक जमीन पर हक मिल गया। जानकारी अनुसार, दुगोली के भैराराम बावरी की मौत करीब 30 साल पहले हो गई थी। घीसाराम, किशनाराम और रामूराम उसके उत्तराधिकारी थे। दुगोली में खसरा नंबर 1548, 1549 और 1623 की 71 बीघा 8 बिस्वा जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में किशनाराम और रामूराम का नाम चल रहा था। किशनाराम का नाम इसमें नहीं था। घीसाराम व उसकी 8 संतान पैतृक जमीन में खातेदारी अधिकार से वंचित थे। रामूराम की मौत भी 15 साल पहले हो गई थी। रिकॉर्ड में उसके बेटे गणेशाराम व चार भाई व तीन बहनों का नाम दर्ज कर दिया गया। गणेशराम ने अपने दादा की जमीन में 95 साल के चाचा घीसाराम का नाम दर्ज करने का वाद अधिवक्ता गोविंद ढाका के मार्फत पेश किया। दो घंटे में एसडीएम सुरेंद्र प्रसाद ने मामले की डिक्री जारी कर दी। इससे घीसाराम के 27 वारिसों को जमीन पर हक मिल गया। इस मौके पर लोक अदालत के सदस्य शैलेंद्रसिंह कालवी और रामप्रकाश बेंदा भी मौजूद थे।

चाचा घीसाराम

गणेशराम

डेहरू व कांटिया में न्याय आपके द्वार शिविर : 12 ग्रामीणों को जारी किए पट्‌टे

खींवसर | ग्राम पंचायत डेहरू में न्याय आपके द्वार शिविर आयोजित हुआ। शिविर में एसीएम प्रभातीलाल जाट व एसडीएम परसाराम टाक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। सरपंच नरसिंह राम रलिया ने बताया कि शिविर में 116 म्यूटेशन , 85 राजस्व नकलें, 50 बंटवारे, 50 सहकारी ऋण आवेदन, 20 खाद्य सुरक्षा आवेदन, 12 लोगों का पट्टे जारी किए। इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि अणदाराम रलिया, पूर्व सरपंच कुंभाराम धौलिया, उप सरपंच रामनिवास धौलिया, भू अभिलेख निरीक्षक आईदानराम, पटवारी रविप्रसाद शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता रणजीत रलिया, दामाराम आदि मौजूद थे। ग्राम पंचायत कांटिया के अटल सेवा केंद्र में सरपंच सत्यनारायण की अध्यक्षता में न्याय आपके द्वार शिविर हुआ। एडीएम अशोक शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। उप सरपंच रामूराम सारण ने एडीएम को बताया कि कांटिया के किसानों को सहकारी समिति द्वारा फसल ऋण नहीं दिया जा रहा है। जिससे किसान सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं। उप सरपंच रामूराम ने बताया कि कांटिया के करीब 700 से अधिक किसान सहकारी समिति के सदस्य होने के बावजूद भी किसानों को मिलने वाली लाभकारी योजनाओं से जानबूझकर वंचित रखा जा रहा है। किसान को फसली ऋण नहीं मिलने के कारण कांटिया गांव के किसानों का इस वर्ष राज्य सरकार द्वारा किसानों को फसली ऋण माफी का लाभ भी नहीं मिल पाया।

नागौर | न्याय आपके द्वार अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में लगाए जा रहे मेरा गांव स्वस्थ गांव कार्यक्रम के तहत हजारों ग्रामीणों का स्वास्थ्य जांचा गया। डिप्टी सीएमएचओ डाॅ. अशोक यादव ने बताया कि मेरा गांव स्वस्थ गांव अभियान के तहत जिले की 142 ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जा चुके है। इन शिविरों में 9100 से अधिक ग्रामीणों का स्वास्थ्य जांचा गया। उन्होंने बताया कि नागौर ब्लाॅक में 703, मूंडवा 646, मेड़ता 717, डेगाना 914, रियां 1170, परबतसर 1435, मकराना 777, कुचामन 435, डीडवाना 816, लाडनूं 853 तथा जायल में 596 रोगियों की जांच व उपचार किया गया।

खींवसर. डेहरू में न्याय आपके द्वार शिविर में समस्याएं सुनाते ग्रामीण।

खबरें और भी हैं...