एसपी ने किया थाने का निरीक्षण, सीओ कार्यालय में ली क्राइम बैठक
जायल |जिला पुलिस अधीक्षक परिस देशमुख ने शुक्रवार को स्थानीय पुलिस थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान सीओ कार्यालय में वृत के थानाधिकारियों की बैठक ली तथा लोगों के अभाव-अभियोग सुने। थाने में चले गुमशुदगी प्रकरण के संबंध में पीड़ित के परिजनों के साथ चर्चा की। साथ ही राजोद में हुई हत्या के प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में जानकारी ली। थाना क्षेत्र में लंबित फौजदारी बकाया प्रकरणों के बारे में चर्चा की गई तथा मालखाने व निर्माणाधीन मैस का निरीक्षण किया। इस मौके पर वृत्ताधिकारी दिनेशसिंह रोहड़िया सहित क्षेत्रभर के थानाधिकारी आदि मौजूद थे।