जायल | गांव राजोद के प्रसिद्ध व आस्था के केंद्र चावड़ा माताजी मंदिर से चोरों ने तिजोरी व 3 छत्र चुरा लिए। घटना के बाद राजोद व धाटियाद के ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। जायल थानाधिकारी अशोक बिसु ने बताया कि गांव राजोद के चावड़ा माताजी मंदिर से गुरुवार रात को मंदिर में लगी दान पेटी व तिजोरी में रखे 20 हजार रुपए व 3 छत्र अज्ञात चोर चुराकर ले गए। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह पुजारी लक्ष्मीनारायण के मंदिर पहुंचने पर मिली। वहीं घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। वृत्ताधिकारी दिनेशसिंह रोहड़िया व एसएचओ अशोक बिसु ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।