खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल ने कहा कि कांग्रेस व भाजपा दोनों आमजन को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान व 36 कौम के लोग एकजुट होकर जब तक भ्रष्ट व जनविरोधी नेताओं को जवाब नहीं देंगे तब तक जनता शोषण का शिकार होती रहेगी। सीकर जाते समय गुरुवार को खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल ने पुराना बस स्टैंड पर आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नागौर, बाड़मेर व बीकानेर के बाद सीकर में आयोजित किसान हुंकार रैली प्रदेश की सबसे बड़ी रैली होगी। मिशन 2018 को कामयाब बनाने के लिए प्रत्येक नौजवान को भगतसिंह व तात्या टोपे की भूमिका निभाते हुए असली किसान के बेटे को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना होगा। इस दौरान पूर्व सरपंच रामकरण चौधरी, पूर्व जिला परिषद सदस्य गोरधनराम रेवाड़, कुनाराम जाजड़ा, रामू जाट, मूलाराम डूकिया, ओमप्रकाश लोमरोड़, सीताराम, प्रेमाराम आदि मौजूद थे।
डीडवाना | खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल ने कहा कि प्रदेश में इस सामंतवादी सरकार का अंत अब निश्चित है और आने वाले दिनों में जयपुर में एक महारैली का आयोजन होगा, जिसमें सरकार विरोधी सभी दलों को शामिल किया जाएगा और तीसरा मोर्चा इतना शक्तिशाली होगा कि उसके बगैर सरकार किसी भी दल की नहीं बनेगी।