भास्कर संवाददाता | चीताखेड़ा
क्षेत्र के ग्राम पीठ में शुक्रवार रात में बदमाशों ने तीन घरों को निशाना बनाया। इन घरों के ताले तोड़कर नकदी सहित सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए।
पुलिस के अनुसार शासकीय स्कूल के पास बाबूलाल पाटीदार परिवार के साथ बाड़े में सो रहे थे। बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर जेवर व नकदी चुरा ले गए। घटना का पता सुबह पांच बजे पाटीदार उठे तब चला। आलमारी से डेढ़ लाख, तिजोरी से साढ़े तीन लाख रुपए, सोने और चांदी के दो लाख के आभूषण चुरा ले गए। दूसरी वारदात लक्ष्मण पिता सूरजमल मीणा के घर पर की। परिवार सामाजिक कार्यों से बाहर गए हुए थे। बदमाशों ने सूना मकान देखकर ताला तोड़ा। घर में पहुंचकर अलमारी व दीवान का सामान बिखेर दिया। यहां से कितना सामान चोरी हुआ इसकी जानकारी मकान मालिक के आने के बाद मिलेगी। इसी तरह प्रभु पाटीदार के सूने मकान को भी निशाना बनाया गया। बदमाश ताला तोड़कर घर में पहुंचे तथा सामान बिखेर दिया। तीनों मामले में जीरन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।