जिला एसो. ने कलेक्टर-एसपी को पत्र सौंप कर कहा-21 से नहीं चलाएंगे
भास्कर संवाददाता | झाबुआ
यदि आप 21 मई को बस से सफर करने की सोच रहे हैं तो इरादा बदल दीजिए। प्रदेशव्यापी ऐलान पर 21 मई से बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल होने जा रही है। बस संचालक बसें नहीं चलाएंगे। बस किराये में 40 फीसदी बढ़ोतरी की मांग को लेकर मप्र बस आॅनर एसोसिएशन ने 21 मई से प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इसके समर्थन में जिले की 200 बसें नहीं चलेंगी। प्रदेश में संचालित 30 हजार से अधिक बसों के पहिये थम जाएंगे। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बुधवार को बैठक की थी। इसमें बताया गया कि डीजल के दाम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पार्ट्स व उपकरण के दाम में भी 40 फीसदी से अधिक का इजाफा हुआ है। बावजूद सरकार द्वारा किराये में वृद्धि नहीं की जा रही है। इसलिए हड़ताल का समर्थन किया जाएगा। बैठक में अध्यक्ष कन्हैयालाल बसेर, सचिव प्रकाश जैन समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। गुरुवार को कलेक्टर व एसपी को ज्ञापन देकर हड़ताल की सूचना दी।
फरवरी में सरकार ने दिया था आश्वासन -एसोसिएशन ने किराए में बढ़ोतरी की मांग को लेकर 17 फरवरी को सांकेतिक हड़ताल की थी। परिवहन आयुक्त और सचिव ने बस मालिकों के साथ बैठक कर एक माह में किराया बढ़ाने का आश्वासन दिया था। दो माह बाद भी निर्णय नहीं हुआ।
मांग मानी तो 1.25 रुपए प्रति किमी होगा किराया
वर्तमान में सरकार द्वारा तय 92 पैसे प्रति किमी किराया लिया जा रहा है। सरकार किराये में बोर्ड की अनुशंसा के तहत 25 फीसदी भी बढ़ाती करती है तो प्रति किमी 23 पैसा बढ़ जाएंगे। इससे 1 रुपए 15 पैसे किराया हो जाएगा। बस मालिकों की इसमें में 40 फीसदी बढ़ोतरी की मांग को लेकर सरकार ने किराया बोर्ड का गठन किया था। इसने अध्ययन कर रिपोर्ट सरकार को दी थी। इसमें बोर्ड का 25 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमोदन था।