झाबुआ विकासखंड में जनजाति कार्य विभाग के अंतर्गत कार्यरत समस्त शासकीय सेवक की समस्याओं के निराकरण के लिए विकासखंड स्तर पर समस्या निवारण कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों की अनुपस्थिति पर संभागीय उपायुक्त गणेश भाबर ने नाराजगी जताई। साथ ही प्राचार्य, लेखापाल, सहायक ग्रेड 1, 2, 3 जो अपनी संस्था में स्थापना प्रभारी है उन्हें शासकीय सेवकों की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
भाबर ने कहा समस्त स्थापना प्रभारी अपने अधीनस्थ शिक्षकों, अध्यापकों के सेवा अभिलेख को पूर्ण कर प्राचार्य के हस्ताक्षर करवाएं। प्रत्येक प्राचार्य अपनी संस्था में आवक जावक पंजी का नियमित संधारण करें और प्राप्त पत्रों का अपडेशन करें। ग्रीष्मावकाश में कार्य कर रहे शिक्षकों के अर्जित अवकाश का संधारण जिसमें बीएलओ का कार्य कर रहे समस्त शिक्षकों का अवकाश का संधारण सेवा पंजी में तत्काल करने के निर्देश दिए। जीपीएफ पासबुक का संधारण नियमित रूप से समस्त शिक्षकों को करें, अध्यापक संवर्ग की सेवा पुस्तिका संधारण एवं उनके नियमित वेतन वृद्धि वेतन निर्धारण को संधारण कर सेवा अभिलेख में प्राचार्य के हस्ताक्षर करवाए। समस्त शिक्षकों को वार्षिक वेतन पर्ची प्रदान करे जिसमें सकल आकार, टीवी नंबर, बिल नंबर का उल्लेख हो। आयकर कटोत्रा फार्म 16 आहरण संवितरण अधिकारी प्राथमिकता से समस्त शिक्षकों को उपलब्ध करवाएं। भाबर ने कहा यदि कोई शिक्षक बाहर से जिले में आया है और उनके सेवा पुस्तिका में किसी प्रकार की त्रुटि है तो संबंधित शिक्षक से आवेदन प्राप्त कर तत्काल त्रुटि का निराकरण करें। उन्होंने प्रत्येक विकासखंड में विकासखंड शिक्षा अधिकारी समस्या निवारण कैंप के लिए नवीन दिनांक तय करके संगठन के पदाधिकारियों एवं मीडिया के माध्यम से शिक्षकों को अवगत कराने के निर्देश दिए। कैंप में एपीओ भारत सिंह, मंडल संयोजक जय वैरागी, विकासखंड के समस्त प्राचार्य, मप्र शिक्षक संघ के अनिल कोठारी, प्रदीप मग, राज्य कर्मचारी संघ के राकेश परमार आदि मौजूद थे।
संभागीय उपायुक्त ने स्थानीय प्रभारी को शासकीय सेवकों की समस्या के निराकरण के दिए निर्देश
बैठक में मौजूद शिक्षकों की संभागीय उपायुक्त ने समस्याएं भी सुनी।