आलीराजपुर | खंडवा वडोदरा मार्ग पर दीपा की चौकी के कुवाजा फलिया में शुक्रवार को तेज गति से एक ट्रक ने वृद्धा को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार ट्रक क्रमांक (एमपी 09 जीई 9093) के चालक ने बुदीबाई पति केकडिया (68) निवासी इंदरसिंह की चौकी को टक्कर मार दी। सिर व शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट आने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
सोई हुई महिला से अश्लील हरकत की
आलीराजपुर | ग्राम सोरवा के कोस्बा फलिया में आरोपी दिलीप पिता इंदरिया ने गांव के एक घर में घुसकर सो रही महिला से अश्लील हरकत की। पुलिस के अनुसार महिला का पति दो साल पहले गुजरात मजदूरी के लिए चला गया। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे अपने आंगन में सो रही थी। इसी दौरान आराेपी उसे अश्लील हरकत करने लगा। महिला ने शोर मचाया तो उसकी सास आई तो आरोपी भाग गया। सोरवा पुलिस ने अपराध कायम किया।
चप्पल खरीदने के लिए पिता से 500 रुपए लेकर गई थी, वापस नहीं लौटी
आलीराजपुर | ग्राम खामट निवासी एक युवती अपने पिता से 500 रुपए लेकर चप्पल खरीदने के लिए वालपुर गई थी। लेकिन वापस लौटकर नहीं आई। पिता की शिकायत पर सोंडवा पुलिस ने आरोपी लालू पिता रजान के खिलाफ अपराध कायम किया।
आयशर ने मारी टक्कर, दंपती घायल
आलीराजपुर | ग्राम मेढा में आरोपी थानसिंह निवासी बड़ा भावटा ने अपने आयशर वाहन को तेज गति से चलाकर आगे जा रही बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दिनेश पिता कालिया सिंगाड़ निवासी कंजावानी जिला झाबुआ और उसकी प|ी घायल हो गए।
पति ने ससुराल में की प|ी से मारपीट
आलीराजपुर | ग्राम अमनकुआं के कनेश नगलिया फलिया में शराबी पति ने ससुराल पहुंचकर प|ी से मारपीट की। पुलिस के अनुसार झेदाबाई अपने पति नवल पिता सबु निवासी बड़ा खुटाजा द्वारा बार-बार शराब के लिए रुपए मांगने से परेशान होकर मायके आ गई। जिस पर पति नवल भी आ गया और मारपीट की।
बीएससी प्रथम वर्ष की परीक्षा देकर आया और लगा ली छात्र ने फांसी
आलीराजपुर | ग्राम जामनी के पटेल फलिया में एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार सुनील पिता मगनसिंह (22) कुक्षी से भोज विवि से बीएससी प्रथम वर्ष की परीक्षा देकर आया था। पिछले वर्ष भी परीक्षा में फेल होने से तनाव में रहता था। रात को उसने नीम के पेड़ पर फांसी लगा ली जिससे उसकी मौत हो गई।
बैंक ने ऋण अदायगियों को किया सम्मानित
जोबट | नर्मदा झाबुआ ग्रामीण बैंक ने नियमित ऋण की अदायगी करने वाले ऋणियों व स्वयं सहायता समूह का सम्मान कर ऋणियों को ऋण अदायगी के लिए प्रेरित किया। एक स्वयं सहायता समूह सहित पांच ऋणी हितग्राही जो समय पर अपने ऋण अदा कर रहे है उनका बैंक ने सम्मान पत्र व शील्ड प्रदान कर किया। कार्यक्रम में अतिथि सुभाष वाणी ने कहा कि सरकार द्वारा हितग्राहियों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए कई योजना संचालित की है जिन्हें बैंक द्वारा ऋण दिया जाता है वे ऋण का सदुपयोग कर बैंक की ऋण अदायगी समय पर करें। प्रबंधक कर्मेंद्र पवार ने कहा कि बैंक कमजोर वर्ग, किसान, व स्वयं सहायता समूह के आर्थिक उत्थान के लिए योजनाओं में हितग्राही को ऋण उपलब्ध कर रही है। लोग इसका लाभ लें। हितग्राहियों से सुझाव भी मांगे गए। इस दौरान जिला भाजपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी, बैंक कर्मचारी, सरपंच व ग्रामीण उपस्थित थे।