पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 40% किराया बढ़ाने की मांग को लेकर कल से अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेंगी बसें

40% किराया बढ़ाने की मांग को लेकर कल से अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेंगी बसें

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | आलीराजपुर

प्रदेश सरकार द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद भी यात्री किराया नहीं बढ़ाने पर बस एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। बस स्टैंड के विभिन्न स्थानों सहित बसों पर हड़ताल के पोस्टर लगा दिए गए कि बस ऑनर एसोसिएशन इंदौर संभाग के आह्वान पर जिले में कल यानि सोमवार से बसों के चक्के थम जाएंगे। हड़ताल से यात्रियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। बस मालिकों द्वारा डीजल, ऑटो पार्ट्स, बीमा आदि की दरों में वृद्धि के चलते बस संचालन किराए में 40 फीसदी बढ़ोतरी की मांग की जा रही है।

निजी बस ऑनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष पर्वतसिंह राठौर ने बताया 2 साल से डीजल के बढ़ते दाम, आइल, टायर, टैक्स, टोल टैक्स, पार्ट्स के दामों में वृद्धि के कारण बस संचालक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। तीन साल में डीजल के दाम 20-25 रुपए प्रति लीटर बढ़ गए हैं। अन्य संसाधनों में 50 फीसदी तक वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया बस मालिकों को अब सरकार के आश्वासन पर भरोसा नहीं है। इसके चलते जब तक किराए में 40 फीसदी वृद्धि की घोषणा नहीं होगी, तब तक हड़ताल जारी रखेंगे।

आज अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचे तो कल से करना पड़ सकता है यात्रियों को मुश्किलों का सामना

हड़ताल से ये होगा असर

शहर के बस स्टैंड से रोज 120 से अधिक बसों का संचालन होता है। रोज 5 हजार से ज्यादा लोग आवाजाही करते हैं। जिले में करीब 150 से अधिक बसों का संचालन हो रहा है। हड़ताल के चलते यात्रियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। डेली-अपडाउन करने वाले विद्यार्थी, कर्मचारी, सेल्समैन, मरीज को सबसे ज्यादा परेशानी होगी।

ये रुट होंगे प्रभावित

बसों की हड़ताल से, झाबुआ, पेटलावद, धार, कुक्षी, बड़वानी, सेंधवा, खरगोन, खंडवा, इंदौर, भोपाल, वडोदरा, अहमदाबाद, दाहोद आदि रुटों पर चलने वाली निजी बसे बंद रहेगी। इसके अलावा जिले के लोकल रुट उमराली, छकतला, बखतगढ़, फुलमाल, सोंडवा, कट्ठीवाड़ा, जाेबट, चंद्रशेखर आजाद नगर, नानपुर, बड़ी खट्टाली, उदयगढ़ आदि रुट पर चलने वाली बसें भी बंद रहेगी।

बीओबी ऑडिटर बोले भोपाल से कैसे लौटूंगा वापस

बसों की हड़ताल से पहले भोपाल जा रहे बीओबी के ऑडिटर सीबी शोले हड़ताल का पोस्टर पढ़ते हुए।

लंबी दूरी का सफर तय करने वाले यात्रियों को होगी परेशानी

कल से शुरु हाेने वाली हड़ताल के चलते सबसे ज्यादा परेशानी लंबी दूरी का सफर तय करने वाले यात्रियों को करनी पड़ सकती है। ऐसे में वे यात्री जिन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचना है या आना है वे आज ही बस में सफर कर गंतव्य तक पहुंच सकते है अन्यथा उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

यात्री हुए परेशान

बैंक ऑफ बड़ौदा में ऑडिट करने के लिए पहुंचे भोपाल के ऑडिटर सीबी शोले छुट्टी होने के कारण शनिवार को भोपाल जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़े थे। जब भास्कर ने उन्हें बताया कि 21 मई से बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल है। इस पर वे चिंता में पड़ गए कि मैं भोपाल से वापस आलीराजपुर कैसे लौटूंगा। उन्होंने बताया यदि हड़ताल सोमवार को भी जारी रही तो सिर्फ किराए का वाहन करके की वापस लौट सकता हूं।

ये रहेंगे अन्य विकल्प

रेल मार्ग : जिले में समीपस्थ रेलवे स्टेशन के रुप में दाहोद, मेघनगर और छोटा उदयपुर रेलवे स्टेशन मौजूद है। आलीराजपुर से दाहोद की दूरी 69 किमी, छोटा उदयपुर की 48 और मेघनगर की करीब 100 किमी है। यात्री छोटे सवारी वाहन या निजी वाहन से इन स्टेशनों तक पहुंचकर रेल कनेक्टिविटी के माध्यम से कई शहरों तक पहुंच सकते है।

गुजरात परिवहन की बसें : इसके अलावा शहर में गुजरात रोड ट्रांसपोर्ट की करीब 10 बसें आती है। इनमें छोटा उदयपुर रुट की तीन, दाहोद की दो, अहमदाबाद व सूरत की एक-एक बसें शामिल है। ये बसें आने से इस मार्ग पर यात्रियों को परिवहन की सुविधा मिल सकेगी।

छोटे सवारी वाहनों की हो जाएगी चांदी

बसों की हड़ताल से जिले में लोकल रुटों पर छोटे सवारी वाहन जैसे जीप, मैजिक, मिनीडोर, तूफान आदि की चांदी हो जाएगी और वाहनों में ओवरलोड सवारियों का परिवहन होगा। वहीं लंबी दूरी की यात्रा के लिए यात्रियों के पास किराए की टैक्सी करके जाना ही विकल्प होगा।

कल सुबह से हड़ताल होगी शुरू

बस आॅनर्स एसोसिएशन द्वारा 21 मई सुबह 6 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। पर्वतसिंह राठौर, अध्यक्ष बस आनर्स एसोसिएशन

खबरें और भी हैं...