- Hindi News
- National
- बैंकों में कैश कम, 18 में से 12 एटीएम खाली जिन घरों में शादी वे परिवार हो रहे परेशान
बैंकों में कैश कम, 18 में से 12 एटीएम खाली जिन घरों में शादी वे परिवार हो रहे परेशान
शहर की सभी बैंकों में इन दिनों कैश का संकट बना हुआ है। बैंकों से लोगों को पर्याप्त रुपए नहीं मिल पा रहे हैं। यही नहीं, कुछ एटीएम को छोड़कर किसी में भी कैश नहीं है। लोग एटीएम तक जाते हैं, जब कैश नहीं मिलता तो आसपास के दूसरे एटीएम के चक्कर लगाते हैं लेकिन उन्हें सभी जगह से निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
शहर में विभिन्न बैंकों के 18 एटीएम है। मंगलवार को इनमें से 12 में दोपहर तक कैश खत्म हो गया। बैंक प्रबंधन का कहना है कि चेस्ट ब्रांच से ही पर्याप्त कैश नहीं आ रहा है। इस वजह से एटीएम में रुपए नहीं डाल पा रहे हैं। पिछले 15 दिनों से बैंकों में कैश की कमी है। तीन दिन के अवकाश के बाद जब सोमवार को बैंक खुले तभी से कैश की कमी रही। बैंक में लोगों को जरूरत के मुताबिक रुपए नहीं दिए जा रहे। शादियों के सीजन के चलते लोगों को रुपयों की अधिक जरूरत है। हालांकि एसबीआई और बैंक ऑफ बड़ौदा में कैश की स्थिति फिर भी ठीक है लेकिन अन्य निजी बैंकों में हालात खराब हैं। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी व्यापारियों को आ रही है। वे लोग भी परेशान हैं जिनके घरों में शादियां हैं।
लोग रुपए निकालने के लिए एटीएम में जा तो रहे हैं पर उनका निराशा ही हाथ लग रही है।
एटीएम के लिए कैश की कमी, डिमांड भेजी
लीड बैंक मैनेजर अरविंदकुमार ने कहा ये बात सही है कि कुछ बैंकों में कैश की कमी है। जिससे एटीएम की व्यवस्थाओं पर भी असर हो रहा है। हालांकि दो-तीन रोज में समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी। बैंकों से डिमांड भेजी गई है। जल्द समस्या दूर हो जाएगी।
भाई की शादी में रकम निकालने में आई दिक्कत
कैलाश मार्ग निवासी वसीम सैयद ने बताया उनके छोटे भाई की शादी थी। एटीएम से रकम निकालने पहुंचे तो पता चला पैसा ही नहीं है। दो-तीन एटीएम पर घूमा। तब जाकर एक एटीएम से पैसे निकले। ग्राम खरड़ू बड़ी निवासी शंकर भूरिया की बेटी अनिता की शादी है। मंगलवार को वह राजगढ़ नाका क्षेत्र के साथ डीआरपी लाइन के गेट पर स्थित एटीम में रकम निकालने गया। दोनों जगह से निराशा हाथ लगी। एटीएम में रकम नहीं थी। इसके अलावा शहर में ग्रामीण क्षेत्रों में कई घरों में किसी के बेटी की तो किसी के बेटे की शादी है। किसी को हलवाई वाले को पैमेंट करना करना है तो किसी को घोड़ी-बैंडवाले। न बैंक से पैसा मिल रहा है और ना ही एटीएम से पैसे निकल रहे हैं। लोग परेशान हो रहे है।
अंचल में भी यही हालत
अन्य कस्बों में स्थित बैंक की शाखाओं में भी कैश की कमी है। कुछ बैंक तो व्यापारियों को अधिकतम 50 हजार रुपए ही दे रही है। वहीं जिनके घरों में शादियां हैं, उन्हें एक लाख रुपए तक कैश दिया जा रहा है।