ग्राम सभा में सामाजिक समरसता पर हुई चर्चा
ग्रापं जुलवानिया बड़ा में विधायक के साथ कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ भी पहुंची
भास्कर संवाददाता | झाबुआ
शनिवार को ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान खास तौर पर सामाजिक समरसता पर चर्चा की गई। यहां विधायक शांतिलाल बिलवाल खास तौर से मौजूद थे। ग्राम सभा में कलेक्टर आशीष सक्सेना ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डाला। कलेक्टर ने कहा बच्चों की पढ़ाई के लिए हर व्यक्ति को प्रयास करना चाहिए। बाबा साहेब के विचार और शिक्षा से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। शिक्षा के बिना व्यक्ति उस तरह से हैं जैसे एक आंख के बिना संसार को देखना। जिस वर्ग के लोग विकास में अधिक ऊंचाई पर हो वह अपने नीचे के लोगों को ऊपर लाने का निरंतर प्रयास करें, जिससे सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा। कलेक्टर ने सामाजिक कुरीतियों, दहेज दापा ,बाल विवाह पर अंकुश लगाने के लिए ग्रामीणों को समझाइश दी। जिला पंचायत सीईओ जमुना भिड़े ने कहा हर पीडि़त व्यक्ति की आवाज को हम सुने और उसे न्याय दिलाने के लिए संकल्पित रहें। ग्राम सभा मे हितग्राहियों को वनाधिकार के पट्टों का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मेगजी अमलियार, उप संचालक कृषि जीएस त्रिवेदी, जनपद सीईओ पीसी वर्मा सहित अन्य जिलाधिकारी मौजूद थे।
ग्राम सभा में ये सब किया
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रतीक्षा सूची को अपग्रेड करने के साथ निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूरा कराने और पंचायत में चलाए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति क समीक्षा की गई। पंच परमेश्वर योजना के तहत उपलब्ध राशि और प्रस्तावित कार्यों के नवीन दिशा निर्देशों व एप से सभी सदस्यों को अवगत कराया गया। गांव को खुले में शौच मुक्त घोषित करने की रणनीति और अवधि का निर्धारण किया गया। खुले में शौच मुक्त घोषित हो चुके गांवों को कचरा मुक्त-कीचड़ मुक्त गांव के रूप में विकसित करने के लिए योजना पर चर्चा हुई। ग्राम सभा में अनिवार्य करों के करा-रोपण व वसूली की जानकारी दी गई। ग्राम पंचायत अंतर्गत विद्यालयों में मध्याह्न भोजन वितरण और आंनगबाड़ियों में बच्चों के पोषण आहार की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।