‘बैठक में नहीं आते अधिकारी, कैसे मिलेगी योजनाओं की जानकारी’
‘बैठक में नहीं आते अधिकारी, कैसे मिलेगी योजनाओं की जानकारी’
झाबुआ | जनपद पंचायत झाबुआ की हर माह होने वाली सामान्य सभा की बैठक में सभी विभागों के अधिकारी नहीं पहुंच रहे हैं। इससे जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की जानकारी ठीक से नहीं मिल पा रही। इसे लेकर जनपद अध्यक्ष ने आपत्ति ली और जपं सीईओ को शिकायत की है।
दरअसल, इस बैठक में 34 विभागों के अधिकारियों को शामिल होना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं होता। बुधवार को भी सभा रखी गई थी। इसमें सिर्फ पांच विभाग पीएचई, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्यानिकी व स्वयं जनपद पंचायत के अधिकारी ही शामिल हुए। हर बार बनने वाली इस स्थिति को लेकर जनपद अध्यक्ष गीता शंकर भूरिया व उपाध्यक्ष अमित वसुनिया ने जपं सीईओ पीसी वर्मा से अधिकारियों के नहीं पहुंचने की शिकायत की। उन्होंने कहा अधिकारियों के नहीं आने से योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पाता है। जबकि आज पूरे 20 जनपद सदस्य, अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मौजूद हैं। अगर सभी अधिकारी आते तो इन सभी को योजनाओं की जानकारी मिल पाती। उन्होंने कहा विभागों के अधिकारी कार्ययोजना व राशि का आवंटन नहीं बताते हैं। कई जगह विधायक और सांसद के लोगों के घरों के लिए एक-एक घरों के लिए हैंडपंप लगा दिए गए हैं इससे अन्य ग्रामीणों को उसका फायदा नहीं मिल पाता। जपं सीईओ पीसी वर्मा ने कहा बैठक में नहीं आने वालों को पहले भी नोटिस दिए जा चुके हैं। एक बार फिर नोटिस दे रहे हैं।