तय समय में ऋण खाते बंद करने वालों 5 लोगों का किया सम्मान
तय समय में ऋण खाते बंद करने वालों 5 लोगों का किया सम्मान
आलीराजपुर | नर्मदा झाबुआ ग्रामीण बैंक ने ग्राहक सम्मेलन का आयोजन किया। जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के ऐसे 5 ऋणियों का सम्मान किया गया जिन्होंने अपने ऋण खाते निर्धारित समयावधि में बंद कर दिए। ऋणियों को बैंक द्वारा सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह दिए गए। बैंक अध्यक्ष एबी विजयकुमार ने बताया आयोजन का मुख्य उद्देश्य बैंक ऋण की समय पर अदायगी के प्रति जनसामान्य में जागरूकता लाना है। समय पर ऋण चुकाने से बैंक ऋणी की अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति बाधारहित एवं तत्परता से कर सकता है। साथ ही अन्य जरूरतमंदों को भी ऋण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में अपना सहयोग प्रदान कर सकता है। बैंक समाज के कमजोर वर्ग विशेषकर छोटे किसान, मजदूर, कारीगर, विद्यार्थी और महिलाओं के आर्थिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध और निष्ठावान है। शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बैंक महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह कर रहा है। बैंक शीघ्र ही स्वयं सहायता समूहों के गठन और उनके वित्त पोषण के लिए एक अभियान प्रारंभ करने जा रहा है। कार्यक्रम में ग्राहक और नागरिक भी मौजूद थे।