सर्वब्राह्मण समाज ने निकाली शोभायात्रा
झाबुआ. शोभायात्रा के दौरान राजवाड़ा चाैक पर महिलाओं ने गरबा नृत्य भी किया।
भास्कर संवाददाता | झाबुआ /थांदला
बुधवार को सर्व ब्राह्मण समाज ने भगवान परशुराम की जयंती धूमधाम से मनाई। इस दौरान शोभायात्रा निकाली गई। वरिष्ठजनों ने समाज को एक सूत्र में बंधने का आह्वान किया। समाज के सदस्य शाम 5 बजे कॉलेज मार्ग स्थित जगदीश मंदिर पर एकत्रित हुए। यहां से गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा की शुरुआत हुई। आगे-आगे बैंडबाजों पर धार्मिक गीतों की धुन बज रही थी। समाजजन भगवान परशुराम का जयघोष करते चल रहे थे। पुरुष वर्ग ने सफेद कुर्ता-पायजामा पहना तो महिलाएं भी एक ही परिधान में नजर आई। यात्रा में भगवान परशुरामजी का वेश धरकर राजकुमार देवल एक वाहन में सवार थे। रथ पर विराजित भगवान परशुरामजी की प्रतिमा मुख्य आकर्षण थी। शहर के प्रमुख चौराहों पर महिलाओं ने गरबा नृत्य किया गया। यात्रा मुख्य मार्गों से होते पुन: अपने शुरुआती स्थल पहुंची। यहां महाआरती के पश्चात सहभोज का आयोजन रखा गया।
वहीं थांदला में भी ब्राह्मण समाज ने भगवान परशुराम की जयंती मनाई। शाम साढ़े 6 बजे बावड़ी हनुमान मंदिर से शोभायात्रा व वाहन रैली निकाली। जिसमें मुख्य रूप से प्रशांत उपाध्याय, बालकृष्ण आचार्य, राजेंद्र उपाध्याय, सुरेश शुक्ला, डीके उपाध्याय, धार्मिक आचार्य, कपिल पाठक, किशोर आचार्य, तुषार भट्ट सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद थे। यात्रा पीपली चौराहा, सोनी बाजार, गांधी चौक, पुराना पोस्ट ऑफिस चौराहा, रामजी मंदिर गली होते हुए पुन: हनुमान मंदिर पहुंची जहां भगवान परशुराम को वरिष्ठजनों ने अन्याय व धार्मिक शुचिता का प्रतिमान निरुपित करते हुए उनकी पूजा-अर्चना की। पश्चात महाआरती व महाप्रसादी का आयोजन किया।
थांदला. बावड़ी हनुमान मंदिर से समाजजनों ने शोभायात्रा व वाहन रैली निकाली।