- Hindi News
- National
- बच्चों को पानी की समस्या ना हो इसलिए विकलांग केंद्र तक डालेंगे पाइप लाइन
बच्चों को पानी की समस्या ना हो इसलिए विकलांग केंद्र तक डालेंगे पाइप लाइन
रोटरेक्ट क्लब के कार्यक्रम में पहुंची नपा अध्यक्ष मन्नू डोडियार ने दिलाया भरोसा
भास्कर संवाददाता | झाबुआ
रंगपुरा स्थित विकलांग पुनर्वास केंद्र में आ रही पानी की समस्या का समाधान किया जाएगा। केंद्र तक नई पेयजल परियोजना का पानी पहुंचाया जाएगा। बुधवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने आई नगर पालिका अध्यक्ष ने विकलांग केंद्र तक पानी की पाइप लाइन डालने की बात कही।
केंद्र पर रोटरेक्ट क्लब झाबुआ द्वारा अक्षय तृतीया के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। नपा अध्यक्ष मन्नू डोडियार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थी। केंद्र के अधीक्षक शैलेंद्रसिंह राठौर ने नपा अध्यक्ष को केंद्र के छात्रावास में पानी की समस्या से अवगत कराया।
उन्होंने मांग रखी कि नल कनेक्शन की पाइप लाइन मेघनगर नाका तक आ रही है। अगर इसे विकलांग केंद्र तक बढ़ाया जाए तो केंद्र की पानी से संबंधित समस्या दूर हो जाएगी। इस पर नपा अध्यक्ष डोडियार ने तत्काल इंजीनियर को बुलवाकर निर्देश दिए कि पाइप लाइन की बिसात विकलांग केंद्र तक की जाए। पश्चात सभी बच्चों को प्रार्थना करवाकर अतिथियों द्वारा नमकीन, मिठाई एवं बिस्किट आदि का वितरण किया गया। इस अवसर पर क्लब द्वारा दिव्यांगजनों को मिठाई, नमकीन एवं बिस्किट का वितरण किया। अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष मन्नूबेन डोडियार, पार्षद रशीद कुरैशी, अविनाश डोडियार, रवि डोडियार, युसूफभाई आदि मौजूद थे। अध्यक्षता रोटरेक्ट क्लब अध्यक्ष रिंकू रुनवाल ने की। अतिथियों का स्वागत विकलांग केंद्र के अधीक्षक शैलेंद्रसिंह राठौर ने किया। नपा अध्यक्ष ने बार-बार यही बात दोहराई की बच्चों को किसी भी हालत में पानी के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा। जल्द पाइप लाइन का काम होगा।