डाटा एंट्री ऑपरेटर की भर्ती जेम पोर्टल से की जाएगी
झाबुआ | सरकारी स्कूलों में संविदा सहायक ग्रेड-3 व डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद अब केवल जेम पोर्टल के माध्यम से ही भरे जाएंगे। अभी तक यह काम जेम पोर्टल व स्थानीय स्तर पर अधिकृत एजेंसी के माध्यम से किया जा रहा था। आयुक्त लोक शिक्षण ने प्राइवेट एजेंसी के माध्यम से रखे गए संविदा कर्मचारियों को 31 मई तक हटाने के निर्देश दिए हैं। खाली पदों पर जेम पोर्टल से ही नियुक्ति डीडीओ या फिर विकासखंड अधिकारी को करनी होगी।
ऑनलाइन एग्जाम के लिए मॉडल पेपर किए जारी
झाबुआ | राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) यूआईटी में बीई सेकंड सेमेस्टर के तीन पेपर की मुख्य परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से कराएगा। इसकी प्रैक्टिस के लिए विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन माॅडल पेपर जारी किए हैं। स्टूडेंट्स इसके लिए पोर्टल www.uitrgpv.ac.in से अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
पुलिस इंटर्नशिप योजना : 25 तक कर सकते हैं आवेदन
झाबुआ | मेधावी छात्रों को मप्र पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराने तथा उनके द्वारा किए जा रहे शोध कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए पुलिस इंटर्नशिप योजना शुरू की जा रही है। इसका लाभ सभी पोस्ट ग्रेजुएट विषयों, पंचवर्षीय एलएलबी, पीजीडीसीए, सीए जैसे पाठ्यक्रमों में पास उम्मीदवारों को मिलेगा। आवेदन की आखिरी तारीख 25 मई है।अधिक जानकारी www.mppolice. gov.in पर उपलब्ध है।
माटी शिल्पी 20 जून तक जमा कराएं अपनी कलाकृतियां
झाबुआ | मध्यप्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा वर्ष 2017-18 के लिए माटीशिल्पियों को राज्यस्तरीय पुरस्कार देने हेतु हर जिले से माटीशिल्पियों से कलाकृतियां आमंत्रित की गई हैं। पुरस्कार हेतु माटीशिल्पी 20 जून तक अपनी कलाकृतियां माटीकला बोर्ड के जिलाधिकारी को जिला पंचायत में जमा कराएं।