प्रतिभागियों को विधायक ने प्रमाण पत्र वितरित किए।
स्वरोजगार व कौशल मेले में विधायक शांतिलाल बिलवाल ने दी योजनाओं की जानकारी
भास्कर संवाददाता | झाबुआ
आईटीआई में आयोजित स्वरोजगार एवं कौशल मेले में 50 से अधिक युवाओं के पंजीयन कराए थे। इसमें एक युवक को उसकी पात्रता पर नौकरी दी गई। मुख्य अतिथि विधायक शांतिलाल बिलवाल थे। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में रोजगार-स्वरोजगार एवं कौशल मेले में विधायक बिलवाल ने कहा शिवराजसिंह सरकार ने युवाओं को स्वरोजगार के लिए दर्जनों योजनाएं चालू कर शिक्षित युवाओं को नौकरी करने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बनाने के लिए स्वरोजगार एवं कौशल योजनाएं शुरू की है। साथ ही उनकी पूरी मदद कर स्वावलंबी बनने व उन्हें अपने पांवों पर खड़ा होने के लिए कार्यक्रम लागू किए हैं। उन्होंने कहा हमारी प्रदेश सरकार भी चाहती है कि युवा वर्ग तकनीकी ज्ञान अर्जित करके समाज में अपना स्थान बनाए। मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन योजना के तहत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित किए जा रहे कौशल संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में राष्ट्रीय मानकों के अनुसार प्रमाणीकरण, एकरूपता लाते हुए प्रशिक्षण में गुणवत्ता एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ाया गया है। इस योजना के तहत प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत उद्योग इकाई स्थापित करने के लिए 25 लाख रुपए तथा सेवा इकाई के लिए 10 लाख रुपए तक का अधिकतम ऋण बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है। कार्यक्रम में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष बबलू सकलेचा, भूपेश सिंगोड़, हेमेंद्र राठौर, जिला रोजगार अधिकारी केएस ठाकुर, जिला उद्योग केंद्र के महा प्रबंधक मोरी, आईटीआई प्राचार्य सावित्री भिडे सहित जिले की बामनिया, रामा, मेघनगर, थांदला आईटीआई के संस्था प्रमुखों, विभागीय स्टाफ के अलावा प्लेसमेंट के लिए कंपनियों के अधिकारी गण भी उपस्थित थे। विधायक शांतिलाल बिलवाल द्वारा आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र का वितरण भी किया गया। संचालन सुरेंद्रसिंह बारिया अधीक्षक ने किया। आभार बिम्बिसार कोडापे प्रशिक्षण अधिकारी ने माना।