कक्षा 12वीं में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए सोमवार को ‘हम छू लेंगे आसमां’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों में इसे लेकर उत्साह नजर आया। पैरामिलिट्री की तैयारी कर रही छात्राएं भी पहुंची। इस दौरान दो छात्राओं ने सीएम से सीधे सवाल पूछे, जिनका जवाब सीएम ने दिया। सीएम से बात कर छात्राएं उत्साहित नजर आई।
स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय में सीएम से सीधे संवाद करने के लिए व्यवस्था की गई थी। यहां स्वान सॉफ्टवेयर की मदद से वीसीआर के माध्यम से बच्चों ने सीधा संवाद किया। हालांकि बीच-बीच में हैंग हो रहे वीसीआर से थोड़ी परेशानी भी आई, लेकिन विद्यार्थियों ने कहा इतना तो चलता है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10.35 बजे बजे हुई। करीब 100 से अधिक बच्चे इसमें पहुंचे। आदिवासी अंचल से सवाल पूछने के लिए दो छात्राओं का चयन किया गया था। सीएम को स्क्रीन पर देख फोन के माध्यम से पहला सवाल उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा यशस्विनी भाबोर ने किया। उसने पूछा ‘झाबुआ जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी की कमी है। उसने मांग रखी कि अगर सर्वसुविधायुक्त ई लाइब्रेरी की व्यवस्था हो जाए तो हमें अपने ही जिले में बहुत दुर्लभ जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।’ इस पर सीएम ने कहा ‘हम जल्द ही इसकी व्यवस्था कराएंगे ताकि किसी भी विद्यार्थी को बाहर ना जाना पड़े।’ इसके बाद दूसरा सवाल स्कूल की ही छात्रा फाल्गुनी नाहर ने किया। उसने पूछा ‘जिले में इंजीनियर कॉलेज संचालित है परंतु कॉलेज की स्वयं की बिल्डिंग नहीं है, बहुत सारी ब्रांचेस भी संचालित नहीं है, यदि इस क्षेत्र में इंजीनियरिंग कॉलेज वेल अप टू डेट हो तो आदिवासी छात्र-छात्राओं के लिए एक वरदान की तरह होगा।’ इस पर सीएम बोले ‘आपके जिले में शीघ्र इसकी व्यवस्था की जाएगी और जहां भी कमियां है उसे दूर किया जाएगा।’ कुछ देर चली इस बातचीत से दोनों छात्राएं उत्साहित नजर आई। आयोजन की व्यवस्था में एडीपीसी ज्ञानेंद्र ओझा, संस्था प्राचार्य आयशा कुरैशी, योगेश गुप्ता, कपिल बरमंडलिया, विनीत तिवारी लगे थे।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट विद्यालय में दो छात्राओं ने सीएम शिवराजसिंह चौहान से फोन पर किया सीधा संवाद
फाल्गुनी नाहर ने मोबाइल पर सीएम से किया सवाल।
और थोड़ी आई ये परेशानी, हैंग हुआ वीसीआर
इंटरनेट धीमा होने की वजह से सीएम के संदेश सुनने में विद्यार्थियों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा। नेट की गति धीमी होने से वीसीआर बार-बार अटकता रहा। इससे विद्यार्थी सीधे सीएम को ठीक से सुन नहीं पाए। विद्यार्थी लखन पवार कल्याणपुरा ने बताया स्पष्ट आवाज नहीं आ रही थी। इस वजह से कुछ समझ में नहीं आया। हितीक शाह ने कहा वीसीआर हैंग होने की वजह से कुछ स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। झाबुआ के तौफिक रजा ने कहा ठीक से सीधा प्रसारण नहीं हुआ इसलिए सीएम क्या कह रहे हैं यह समझने में परेशानी हो रही थी।