यदि आप आज बस से सफर करने की तैयारी कर रहे हैं तो इरादा बदल दीजिए। मांगों को लेकर सोमवार को मप्र बस ऑनर एसोसिएशन ने एक दिनी सांकेतिक हड़ताल का आह्वान किया है। इस कारण बसों का संचालन नहीं हो पाएगा। लिहाजा यात्रियों की फजीहत होना तय है। फिर भी यदि आप अलर्ट रहेंगे तो आपका सफर आसान हो सकता है। आप ट्रेन या अन्य साधनों का आज इस्तेमाल कर सकते हैं।
गौरतलब है कि जिला मुख्यालय से ही करीब 200 बसें चलती हैं। इनमें प्रतिदिन लगभग 9 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। बसें बंद होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना होगा। एसोसिएशन के संभाग अध्यक्ष ब्रजमोहन राठी ने बताया मांगें नहीं माने जाने के कारण आंदोलन का रुख अख्तियार करना पड़ा है। प्रदेशव्यापी ऐलान पर 21 मई से बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा रही है, बस संचालक बसें नहीं चलाएंगे। इस हड़ताल की सूचना पहले ही कलेक्टर और एसपी को दी जा चुकी है। बस एसोसिएशन के जिला सचिव प्रकाश जैन ने बताया भोपाल में शनिवार शाम तक एसोसिएशन की बैठक देर शाम तक चलती रही। जिसमें हड़ताल को लेकर चर्चा हुई।
बसों की हड़ताल रहेगी, लेकिन जीप चलने की पूरी संभावना है। मेघनगर तक जीप से जाकर ट्रेन से सफर किया जा सकता है। दाहोद होते हुए वड़ोदरा और अहमदाबाद की ओर जाने के लिए कई ट्रेनें है। सुबह 9.20 जम्मूतवी एक्सप्रेस, 10.10 बजे मेमू, शाम 4 बजे देहरादून एक्सप्रेस, शाम 6 बजे अवध एक्सप्रेस, शाम 7.10 बजे इंदौर-पुणे, रात 8.10 बजे फ्रंटियर मेल, 8.15 बजे काेटा-वड़ोदा पार्सल, 9 बजे इंदौर-मुंबई अवंतिका एक्सप्रेस, रात 10.40 बजे भोपाल-दाहोद डेमू 10.40 बजे, रात 11 बजे जयपुर-बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन है।
इसी तरह रतलाम, इंदौर, मंदसौर, उज्जैन की ओर जाने के लिए भी मेघनगर से ट्रेन से सफर कर सकते हैं। सुबह 6.20 बजे दाहोद-भोपाल डेमू, सुबह 8.15 बजे अवध एक्सप्रेस, 10.15 बजे देहरादून एक्सप्रेस, 11.50 बजे पार्सल, शाम 4.20 बजे जम्मूतवी, शाम 5 बजे दाहोद-उज्जैन मेमू, 7.20 बजे जनता एक्सप्रेस, 8.40 बजे डीलक्स एक्सप्रेस और रात 12.40 बजे राजकोट-भोपाल ट्रेन है।
गुजरात-राजस्थान की बसें आएंगी
सीमावर्ती गुजरात और राजस्थान राज्य परिवहन निगम की बसें चालू रहेंगी। इसके लिए यात्रियों को विजयस्तंभ या फिर राजगढ़ नाके पर खड़ा रहना पड़ेगा। क्योंकि हो सकता है हड़ताल के चलते अन्य राज्यों की बसें, स्टैंड पर न आए। अगर आप अलर्ट रहेंगे तो जानकारी मिल जाएगी।
इसलिए की जा रही है हड़ताल
बस किराए में 40 फीसदी बढ़ोतरी की मांग मप्र बस आॅनर एसोसिएशन द्वारा की जा रही है। डीजल के दाम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पार्ट्स व उपकरण के दाम में भी 40 फीसदी से अधिक का इजाफा हुआ है। बस मालिक किराए में 40 फीसदी बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं।