वर्चुअल क्लास को आज मुख्यमंत्री चौहान करेंगे संबोधित
झाबुआ | कक्षा 12वीं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की है। योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में 21 मई को करेंगे। सुबह 10 बजे से मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल क्लास को दूरदर्शन के माध्यम से संबोधित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में वे प्रदेश के सभी 313 विकासखंड मुख्यालयों पर कक्षा 12 वीं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की वर्चुअल क्लास को दूरदर्शन एवं अन्य माध्यम से संबोधित करेंगे। विकासखंड मुख्यालय पर उपस्थित मेधावी विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर भी देंगे। उनसे सीधा संवाद स्थापित करेंगे। विद्यार्थी मुख्यमंत्री से दूरभाष क्रमांक 0755 -2770020 पर प्रश्न पूछ सकते हैं। जिले में वर्चुअल क्लास 30 मई 2018 तक निरंतर संचालित रहेगी।
कांग्रेस-जेडीएस की सरकार बनने पर कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े
थांदला | ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस और जेडीएस की सरकार बनने से उत्साह है। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि डॉ. विक्रांत भूरिया, पूर्व विधायक वीरसिंह भूरिया, ब्लॉक व जनपद अध्यक्ष गेंदाल डामोर, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नगीन शाहजी, पार्षद आनंद चौहान, कमालुद्दीन शेख, युवा नेता जसवंत भाबर, पूर्व पार्षद अक्षय भट्ट, नंदकिशोर शर्मा आदि मौजूद थे।
कांग्रेस आज मनाएगी स्मृति दिवस
थांदला | ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा राजीव गांधी की 27वीं पुण्यतिथि 21 मई को मनाई जाएगी। ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता विकास रावत ने बताया राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर स्थानीय कांग्रेस कार्यालय पर प्रातः 10 बजे पुण्यतिथि को स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक सहित कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
दस्तक अभियान : प्रथम चरण 14 जून से
झाबुआ | दस्तक अभियान का प्रथम चरण 14 जून से 31 जुलाई तक चलेगा। इसके तहत 5 वर्ष से छोटे उम्र के बच्चों वाले परिवारों के घर पर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की दस्तक दी जाएगी। इस उम्र के बच्चों में बीमारियों की सक्रिय पहचान की जाएगी। बीमार नवजातों और बच्चों की पहचान की जाएगी। प्रबंधन एवं रेफरल, 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में शैशव एवं बाल्यकालीन निमोनिया की पहचान, प्रबंधन एवं रेफरल, 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में बाल्यकालीन दस्त रोग के नियंत्रण के लिए ओआरएस एवं जिंक के उपयोग संबंधी समझाइश दी जाएगी। समुचित शिशु एवं बाल आहारपूर्ति व्यवहार को बढावा देने के लिए समझाईश दी जाएगी।