ट्रैफिक गार्डन में शनिवार रात अभिव्यक्ति मंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में 15 से अधिक बच्चों ने नृत्य और नाटक की प्रस्तुति देकर समा बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रचना परमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर किया। स्वागत उद्बोधन संकल्प ग्रुप की संयोजक भारती सोनी ने दिया। बाद में बच्चों ने नृत्य, गीत, नाटक आदि की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की तालियां बटोरी।
निर्णायक के रूप में सुनील सक्सेना एवं प्रकाश चौहान उपस्थित थे। कार्यक्रम में विशेष रूप से पुलिस अधीक्षक महेशचंद जैन ने भी सहभागिता की। अभिव्यक्ति मंच कार्यक्रम में प्रथम त्रिशालापुरी रही। द्वितीय स्थान दिशा इसरानी एवं तृतीय स्थान आराध्या पाटीदार ने प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त प्रोत्साहन पुरस्कार रिद्धिमा ललवानी, कृष्णा सोलंकी तथा गौरी बारिया को मिला। सभी पुरस्कार उप निरीक्षक जोरावरसिंह सिसौदिया की ओर से प्रदान किए गए। कार्यक्रम में अभिभावकों के साथ शहर के गणमान्य नागरिक तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। संचालन मनीष गिरधाणी ने किया।