कृषि उपज मंडी परिसर में रविवार को मुख्यमंत्री ऋण समाधान योजना के तहत समारोह रखा गया। इसमें 24 ऐसे किसानों को प्रतीकात्मक रूप से रूपे केसीसी कार्ड बांटे गए, जो 5 साल से नियमित ऋण भुगतान कर रहे हैं। कुल 87205 किसानों के रूपे कार्ड बन कर आ चुके हैं, जिन्हें सोसायटियों के माध्यम से कार्ड दिए जाएंगे। इन कार्डों का किसान एटीएम कार्ड की तरह उपयोग कर सकेंगे। किसी भी एटीएम कार्ड से वे ऋण खाते की राशि निकाल सकेंगे।
समारोह में बताया गया कि मुख्यमंत्री ऋण समाधान योजना का लाभ लेने के लिए डिफाल्टर किसानों को 15 जून तक मूलधन का 50% जमा कराना होगा। मूलधन जमा कराते ही किसान का पुराना ब्याज माफ हो जाएगा। जमा की गई 50% राशि के बराबर का खाद-बीज उसे खरीफ सीजन के लिए ऋण के रूप में मिल जाएगा। नकद रुपए नहीं दिए जाएंगे। नकद ऋण के लिए किसान रबी सीजन से पात्र होगा।
मुख्य अतिथि विधायक शांतिलाल बिलवाल ने किसानों से कहा- किसानों का कल्याण ही हमारी भाजपा सरकार का मुख्य ध्येय है। बैंक अध्यक्ष गौरसिंह वसुनिया ने कहा मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने किसानों के हित में बकाया कालातीत ऋणों के निपटारे के लिए यह योजना लागू की है। बैंक महाप्रबंधक पीएन यादव, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हरू भूरिया, मंडी उपाध्यक्ष बहादुर हटीला, ढेकलबड़ी सोसायटी अध्यक्ष लाला गुंडिया, रामचंद्र भाबोर, राधू राठौर, राधू भूरिया, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दौलत भावसार के अलावा सहकारिता विभाग, बैंक के कर्मचारी उपस्थित थे।