- Hindi News
- National
- आदिवासी समाज में शादियां होने से टोलियों के रूप में बाजार आ रहे ग्रामीण, बढ़ी रौनक
आदिवासी समाज में शादियां होने से टोलियों के रूप में बाजार आ रहे ग्रामीण, बढ़ी रौनक
आदिवासी समाज में विवाह समारोह की धूम से बाजार में रौनक बढ़ गई है। कपड़े, बर्तन और चांदी के गहनों की जमकर खरीदी हो रही है। लोक गीत गाते हुए ग्रामीणों की टोलियों ने बाजार को गुलजार कर दिया है। कपड़े, ज्वेलरी, बर्तन के साथ फर्नीचर व इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी है।
महंगाई के बावजूद ग्रामीण शादी-ब्याह की खरीदी को लेकर कोई समझौता नहीं कर रहे हैं। करीब एक माह से आदिवासी समाज में विवाह समारोह चल रहे हैं, लेकिन आखातीज नजदीक आते ही विवाहों में बढ़ोतरी हो गई है। यह सिलसिला अब अक्षय तृतीया (आखातीज) के बाद तक चलेगा। शादी-ब्याह के लिए ग्रामीण अपनी परंपरा का अनुसरण करते हुए समूह के रूप में खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। इससे आम दिनों में भी हाट बाजार सा अहसास हो रहा है।
चांदी के गहनों पर जोर, सोना भी खरीद रहे
इस तरह समूह के रूप में गीत गाते हुए खरीदी करने पहुंच रहे हैं आदिवासी।
पारंपरिक वस्त्रों के साथ पेंट-शर्ट और साड़ियों की मांग
शादी-ब्याह के लिए इस बार पारंपरिक कपड़ों के साथ पेंट-शर्ट और साड़ियों की भी जमकर खरीदी हो रही है। खरीदारी के लिए आने वाले दूल्हा-दुल्हन भी अब आधुनिक वेशभूषा में ही नजर आ रहे हैं।
इलेक्ट्रॉनिक आइटम की मांग बरकरार
गहनें और कपड़ों के बाद सबसे अधिक कारोबार बर्तनों का हो रहा है। स्टील के बर्तनों के साथ शगुन बतौर तांबे व पीतल के बर्तन भी लिए जा रहे हैं। शहर के सभी बर्तन विक्रेताओं के यहां खरीदी के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ रहा है। फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक आइटम की भी मांग बनी हुई है।
सराफा व्यापारियों के अनुसार अमूमन ग्रामीण चांदी के गहने ही खरीदते हैं। वक्त के साथ अब कुछ बदलाव आया है। शादी-ब्याह में शगुन के बतौर सोने के गहने भी लिए जा रहे हैं। सोने-चांदी के आसमान छूते दामों के बावजूद इनका आकर्षण कम नहीं हुआ है। सीजन में कारोबार ठीकठाक होने की उम्मीद है।
और इधर…अक्षय तृतीया के पहले सोने के दाम में तेजी, 31,500 रु. प्रति 10 ग्राम हुआ
अक्षय तृतीया के पहले सोने के दाम में तेजी शुरू हो गई है। दो-तीन दिनों से दाम में उतार चढ़ाव बना हुआ है। शुक्रवार को सोने के दाम 31 हजार 700 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए। तो गुरुवार को 31900 भाव था। हालांकि कारोबारियों के मुताबिक आगे भी दाम में उतार चढ़ाव बना रह सकता है। वहीं चांदी के दाम दो दिनों से 39 हजार 500 रुपए प्रति किलो पर बने हुए हैं। 18 अप्रैल को अक्षय तृतीया है। इसके पूर्व सराफा बाजार में अच्छी ग्राहकी हो रही है। दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं आदिवासी समाज में शादियों होने से भी बाजार में अच्छी ग्राहकी चल रही है। आगामी दिनों में और भी अच्छी ग्राहकी की उम्मीद है। सराफा व्यापारी निखिल भंडारी ने बताया कि अक्षय तृतीया को देखते हुए ग्राहकी चल रही है। दामों में आगे भी तेजी की संभावना है।
39,500 रुपए किलो हुई चांदी : सोने के साथ ही चांदी की चमक भी लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को चांदी के दाम 39,500 रुपए प्रतिकिलो पहुंच गए।