भाजपा आज सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाएगी आंबेडकर जयंती
भाजपा शनिवार को आंबेडकर जयंती न्याय दिवस के रूप में मनाएगी। इस दौरान जिलास्तर से लेकर पंचायत स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण होगा। ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि अधिक से अधिक लोग प्रसारण देख सके।
शुक्रवार को झाबुआ में आयोजित भाजपा की संसदीय क्षेत्र की बैठक में पार्टी पदाधिकारियों को यह जानकारी दी गई। साथ ही आंबेडकर जयंती से लेकर 5 मई तक चलने वाले ग्राम स्वराज अभियान के बारे में भी बताया गया। बैठक में झाबुआ, आलीराजपुर के साथ रतलाम के पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष चेतन कश्यप थे। उन्होंने सिलसिलेवार शासन की योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा- शासन की स्वरोजगार योजना के तहत विभिन्न बैंकों से 24 लाख से अधिक लोगों को ऋण दिया गया है। विधानसभावार इसकी सूची लेकर लोगों को इसकी जानकारी दें। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष हिम्मत कोठारी ने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस द्वारा सरकार के विरुद्ध जो भ्रामक प्रचार किया जा रहा है उसका निवारण करने के लिए जनता के बीच जाकर वास्तविकता बताएं। इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मनोहर सेठिया ने 5 मई तक चलने वाले ग्राम स्वराज अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की।
संसदीय क्षेत्र प्रभारी किशोर शाह ने ग्राम स्वराज अभियान की बिंदुवार जानकारी दी और बताया कि संसदीय क्षेत्र की सभी विधानसभाओं में ब्लॉकवार अभियान चलाने के लिए 8-8 सदस्यीय समितियों का गठन किया जाएगा। इस मौके पर कृषक आयोग सदस्य ईश्वर पाटीदार, रतलाम भाजपा जिलाध्यक्ष तानसिंह चौहान, रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल, सैलाना विधायक संगीता चारेल, पेटलावद विधायक निर्मला भूरिया, झाबुआ विधायक शांतिलाल बिलवाल, थांदला विधायक कलसिंह भाबर, जोबट विधायक माधोसिंह डावर, सीसीबी अध्यक्ष गौरसिंह वसुनिया, राकेश अग्रवाल, पूर्व विधायक लालसिंह देवदा सहित तीनों जिलों की आठों विधानसभा क्षेत्र के अपेक्षितों ने भाग लिया। संचालन जिला महामंत्री प्रफुल्ल गादिया ने किया। आभार रतलाम भाजपा जिलाध्यक्ष तानसिंह चौहान ने माना।
ग्राम स्वराज अभियान में कब, क्या होगा
उज्जैन संभाग के संभागीय संगठन मंत्री प्रदीप जोशी ने 14 अप्रैल से 5 मई तक चलने वाले ग्राम स्वराज अभियान का ब्योरा दिया। उन्होंने कहा 14 अप्रैल को जिलास्तर से लेकर पंचायत स्तर तक बाबा साहेब की जयंती सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाई जाएगी। 18 अप्रैल को स्वच्छ भारत पर्व के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 20 अप्रैल को उज्ज्वला पंचायतों का आयोजन होगा। इसके तहत जिन परिवारों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं उनका स्थानीयस्तर पर सम्मेलन बुलाएंगे। 24 अप्रैल को पंचायती राज दिवस, 28 को ग्राम शक्ति अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना, सौभाग्य योजना आदि के लाभार्थियों को लाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित होंगे। 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत अभियान में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जाएगी। 2 मई को किसानों के लिए किसान कल्याण कार्यशालाएं आयोजित की जाएगी। 5 मई को आजीविका कौशल विकास मेले रखे जाएंगे। इनमें समूह की सदस्य और प्रशिक्षणार्थी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण देखेंगे।
संसदीय क्षेत्र की बैठक में मौजूद भाजपा पदाधिकारी।