झज्जर | झज्जर के एसपी पंकज नैन ने सोमवार को पुलिस लाइन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सभी पीसीआर गाड़ियों और पुलिस वैन पर लगी विशेष बत्तियों और निर्मित क्रेन की व्यवस्था देखी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि जीपीएफ से राशि निकालने के लिए अब किसी प्राइवेट व्यक्ति की तस्दीक कराना जरूरी नहीं रहेगा। कर्मचारी केवल अपना आवेदन देगा, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई करके उसे उसके जीपीएफ से राशि मुहैया करा दी जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रबंधकों और चौकी प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि थाने और चौकी में आई किसी भी प्रकार की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाए। किसी भी तरह की अपराधिक घटना के संबंध में थाना में आए प्रत्येक पीड़ित से सम्मान पूर्वक व्यवहार कर उसे शिकायत प्राप्ति की रसीद दी जाए, जिसमें पीड़ित की शिकायत पर कौन अधिकारी कार्रवाई करेगा, उसका नाम व मोबाइल नंबर अंकित होगा। इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन, उप पुलिस अधीक्षक हंसराज, उप पुलिस अधीक्षक भारती डबास और उप पुलिस अधीक्षक भगतराम भी मौजूद रहे।
पुलिस लाइन में डिस्पेंसरी का शुभारंभ
पुलिस लाइन पहुंचे एसपी ने पंकज नैन ने पुलिस के जवानों की सुविधा के लिए शॉपिंग कॉम्प्लैक्स में हेल्थ डिस्पेंसरी का उद्घाटन किया। डिस्पेंसरी में उपलब्ध दवाइयों और आवश्यक उपकरणों आदि के संबंध में भी जानकारी ली। डिस्पेंसरी स्टाफ ने बताया कि प्रत्येक पुलिस जवान का हेल्थ कार्ड बनाया जाएगा। इस डिस्पेंसरी में हर सोमवार और शुक्रवार को ब्लड प्रेशर व शुगर आदि के टेस्ट के जाएंगे।