हरियाणा के सभी जिलों में पशुओं के लिए एक-एक पॉली क्लीनिक खोला जाएगा। इस जिला स्तरीय पॉली क्लीनिक में पशुओं के उपचार के लिए सर्जरी, एक्सरे और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह जानकारी हरियाणा के कृषि, विकास एवं पंचायत, पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने सोमवार को गांव सिकंदरपुर में रावमावि के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान ही सिकंदरपुर से झज्जर-बादली मार्ग वाया उ खलचना (कोट) संपर्क सड़क मार्ग के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया।
कृषि मंत्री ने सिकंदरपुर में रावमावि भवन का उद्घाटन और संपर्क मार्ग का किया शिलान्यास
नवनिर्मित भवन में विद्यार्थियों के लिए होंगी सुविधाएं
कृषि मंत्री धनखड़ ने कहा कि रावमावि के नवनिर्मित भवन में चार लैब, एक कंप्यूटर कक्ष, हरा-भरा खेलने का पार्क आदि सुविधाएं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध होगा। कृषि मंत्री के प्रयासों से तैयार हुए विद्यालय के नवनिर्मित भवन के लिए ग्रामीणों ने पगड़ी बांधकर उनका आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों की ओर से मिले स्नेह से अभिभूत ओमप्रकाश धनखड़ ने भी उद्घाटन व शिलान्यास की रस्म अदायगी गांव के बुजुर्ग फतेह सिंह के कर कमलों से कराई। बुजुर्ग फतेह सिंह भी इस सम्मान को पाकर फूले नहीं समाए और कहा कि धनखड़ ने म्हारा मान बढ़ाया है। उद्घाटन कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत से कृषि मंत्री का स्वागत किया।
स्कूल की पुरानी इमारत भी होगी ठीक
गांव सिकंदरपुर के ग्रामीणों ने कृषि मंत्री से रावमावि के नवनिर्मित भवन के अलावा स्कूल की एक पुरानी इमारत को भी ठीक कराने की मांग की, तभी कृषि मंत्री ने मौके पर ही पीडब्लूडी विभाग के अधिकारियों को एस्टीमेट बनाकर इसे ठीक करने के निर्देश दिए। वहीं, गांव की ओर से पशुओं के लिए डिस्पेंसरी खोलने की मांग पर उन्होंने सिकंदरपुर गांव में पशुपालन की परंपरा की प्रशंसा करते हुए आपके पास बढ़िया पशुधन है। हरियाणा के सभी जिलों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पॉली क्लीनिक खोले जाने की योजना है। अगर सिकंदरपुर की ग्राम पंचायत जमीन उपलब्ध कराए तो जिला स्तरीय पॉली क्लीनिक सिकंदरपुर में खुल सकता है। इस क्लीनिक में वह सभी सुविधाएं होंगी जिनके लिए अभी पशु पालकों को लाला लाजपत राय पशुचिकित्सा विश्वविद्यालय, हिसार जाना पड़ता है।
झज्जर. सिकंदरपुर गाव में रावमावि के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन बुजुर्ग फतेह सिंह से कराते हुए कृषि मंत्री ओपी धनखड़।
1 करोड़ 80 लाख 46 हजार रुपए से बनेगी उखलचना (कोट) सड़क
कृषि मंत्री धनखड़ ने सिकंदरपुर से झज्जर-बादली मार्ग वाया उखलचना (कोट) सड़क के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि करीब छह किलोमीटर लंबी सड़क को 12 फीट से बढ़ाकर 18 फीट चौड़ा किया जाएगा। एक करोड़ 80 लाख 46 हजार रुपए से तैयार होने वाली इस सड़क का कार्य छह माह में पूरा होगा। इस दौरान ग्रामीणों की ओर से सिकंदरपुर-सिलानी संपर्क मार्ग बनवाने व अन्य मांग भी रखी गई। मंत्री ने सभी मांगों को जल्द पूरा कराने का भरोसा दिया।
12वीं में मेरिट हासिल करने पर
छात्राएं सम्मानित
कार्यक्रम में कृषि मंत्री ने सिकंदरपुर के रावमावि की छात्रा हर्षिता और प्रेमलता को 12वीं बोर्ड परीक्षा में मेरिट हासिल करने पर सम्मानित किया। इस मौके पर रावमावि परिसर में कौशल सिलाई केंद्र का शुभारंभ भी किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद के उपाध्यक्ष योगेश सिलानी, भाजपा नेता आनंद सागर, कृष्ण कोट, मा. रणबीर गुलिया, सुनील कादियान, धर्मेंद्र बबलू, पंचगामा प्रधान रोशन लाल, पूर्व सरपंच शेर सिंह, सोमबीर कोट, सरपंच दर्शनसिंह, भूले राम सहित जिला प्रशासन की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी सतबीर सिवाच, एक्सईएन पीडब्लूडी वीएस मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।