शहीदों की याद में निकाला कैंडल मार्च
झज्जर. जलियांवाला बाग के शहीदों की याद में कैंडल मार्च निकालते शहरवासी।
भास्कर न्यूज | झज्जर
वर्ष 1919 में बैसाखी के दिन अमृतसर के जलियांवाला बाग में हुए जल-जले की शहादत की यादगार का 100वां साल 13 अप्रैल 2018 से शुरू हुआ। इसकी याद में पंचनद स्मारक ट्रस्ट ने पहली बार शहरवासियों के सहयोग से सामूहिक रूप से कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
पंचनद की अगुवाई में समाज के लोग सबसे पहले पंजाबी धर्मशाला में एकजुट हुए। यहां मौजिज लोगों ने जलियांवाला बाग में हुए नरसंहार को याद की देश के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने पूर्वजों को याद किया। पचंनद के संरक्षक पूर्णचंद सुनेजा ने बताया कि शहीदों की शहादत को समर्पित इस वर्ष को शहीदी वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय अंतरराष्ट्रीय पंचनंद स्मारक ट्रस्ट ने लिया है। लिहाजा पंचनद स्मारक ट्रस्ट की स्थानीय ईकाई से जुड़े सदस्यों ने अपने शहीद पुरखों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च पंजाबी धर्मशाला, डायमंड चौक, डाकखाना चौक, अंबेडकर चौक तक पहुंचा। इस मौके पर पंचनद के कार्यकारी प्रधान राकेश अरोड़ा मौजूद रहे।