आसिफा का चित्र बनाकर मांगा न्याय
झज्जर . जम्मू के कठुवा जिले में आठ साल की बच्ची आसिफा के साथ हुई घिनौनी हरकत के प्रति लोगों में आक्रोश बना हुआ है। गांव भदाना में भूगोल प्राध्यापक मुकेश शर्मा ने अपनी बेटी अंशुल के साथ मिलकर आसिफा का रेखाचित्र गांव की चौपाल में जमीन पर रंगों से बनाया और उसके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुकेश की इस कृति को देखने गांव की महिलाएं काफी संख्या में आईं और आसिफा के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की। उसके लिए सरकार से न्याय की गुहार की। वहीं, जिले में कई जगह लोग आसिफा और उन्नाव रेप केस में उचित न्याय की मांग के लिए कैंडल मार्च निकाल चुके हैं। पूरे देश में ही इन दोनों घटनाओं को लेकर जनाक्रोश उमड़ रहा है।